हेमंत सरकार के कार्यकाल में बेटियां पूरे तरीके से असुरक्षित : प्रतुल शाह देव

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने नामकुम में एक युवती के साथ हुए रेप और हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है।प्रतुल ने प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि इस सरकार में बेटियां पूरे तरीके से असुरक्षित हैं। तभी राजधानी रांची के नामकुम क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बेटी को किडनैप करके हत्या कर दी जाती है। इस सरकार के कुल पांच वर्षों के कार्यकाल में अब तक 7200 रेप की घटनाएं हो चुकी हैं। 7000 से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं ,ढाई लाख से ज्यादा संज्ञेय अपराध हुए हैं। यानी राज्य में पूरे तरीके से अपराधियों का बोलबाला है ।उन्हाेंने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के कार्यकाल और हेमंत सरकार के कार्यकाल की तुलना करें तो 29 प्रतिशत रेप केस की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। (वर्ष 2017 और 2022 के आंकड़े)।इसके अतिरिक्त बलात्कार और पोक्साे के भी मामलों में 25 प्रतिशत से भी कम आरोपिताें को सजा हुई है। प्रतुल ने कहा कि इस सरकार का फास्ट्रैक कोर्ट के जरिए भी दोषियों को सजा दिलाने का रिकॉर्ड भी बहुत बुरा है।





