‘वर्ल्ड वाटर डे’ पर प्रदूषण नियंत्रण पर्षद मुख्यालय से बिरसा चौक तक निकाली गयी साइकिल रैली
रांची। ‘वर्ल्ड वाटर डे’ 22 मार्च के अवसर पर शुक्रवार झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के तत्वावधान में सुबह में ‘साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सदस्य सचिव वाईके दास तथा एनएसएस कोर्डिनेटर आइ/सी ब्रजेश कुमार की अगुवाई में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के मुख्यालय धुर्वा से बिरसा चौक रांची तक साइक्लिंग कर पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया गया। वाईके दास ने इस पर मोटरवाहन से निकलनेवाले हानिकारक प्रदूषक, जल चक्र में होनेवाले इनके दुष्प्रभाव तथा झारखंड राज्य में जल संबंधी समस्या तथा उनके समाधान पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान मौजूद सभी लोगों ने धुर्वा में मौजूद वृक्षों पर लाल टैग बांधकर उन्हें बचाने की शपथ ली। इस अवसर पर पर्षद के पदाधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव, कमलाकांत पाठक, अशोक कुमार यादव, सोनम झा तथा पर्षद के अन्य कर्मचारी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी खूब बढ़चढ़कर हिस्सा लिया तथा यहां से ली गयी सीख को अन्य लोगों तक पहुंचाने का भी वादा किया।





