अखिलेश बोले- सीट शेयरिंग पर हुई बात, एक-दो दिन में जेडीयू से बात करेंगे
इंडिया गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इंडिया
गठबंधन की दो पार्टियां कांग्रेस और आरजेडी की बैठक दिल्ली में हुई। बैठक
से बाहर निकलने के बाद बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा
कि सीट शेयरिंग पर अच्छी बात हुई है, एक-दो दिन में जेडीयू से बात करेंगे।
वहीं, आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने आॅल इज वेल कहा है।
सूत्रों
के मुताबिक, इंडिया गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों से कांग्रेस वन टू वन
बातचीत करेगी। सोमवार को आम आदमी पार्टी से बातचीत होगी। इसके बाद जदयू से
भी जल्द सीटों को लेकर चर्चा की जाएगी।
बैठक में बिहार कांग्रेस प्रदेश
अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश
और आरजेडी की तरफ से मनोज झा के बैठक में शामिल हुए। इसके साथ ही कांग्रेस
के केंद्रीय नेतृत्व से मुकुल वासनिक, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत,
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद भी मौजूद थे। यह बैठक कांग्रेस के
राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक के दिल्ली आवास पर हुई।
बताया जा रहा है
कि सीटों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस और लेफ्ट की
जवाबदेही लालू प्रसाद को दे दी है। दो दिन पहले जेडीयू के सीनियर लीडर और
नीतीश के करीबी मंत्री संजय कुमार झा ने कहा था कि कांग्रेस सीटों के लिए
आरजेडी से बात करे।
बिहार कांग्रेस के टॉप लीडरशिप दिल्ली जाकर कांग्रेस
के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से बैठक की थी।
इसमें बिहार की सीटों को लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। नेशनल अलायंस कमिटी
के नेताओं में मुकुल वासनिक, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद और
मोहन प्रकाश के साथ बिहार के खास नेताओं की मीटिंग भी हो चुकी है। अब आगे
का फैसला होना है। मुकुल वासनिक कह चुके हैं कि कांग्रेस भी सीट शेयरिंग को
लेकर जल्दबाजी में है। दूसरी तरफ बिहार के मुख्यमत्री नीतीश कुमार का काफी
दबाव है कि जल्द से जल्द शीट शेयरिंग फाइनल किया जाए।





