मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · सुबह 4:49 · नई दिल्ली संस्करण

देवघर-बासुकीनाथ में गूंजा हर-हर महादेव, 52 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

राष्ट्रीय सागर डेस्क3 मिनट का पठन
देवघर-बासुकीनाथ में गूंजा हर-हर महादेव, 52 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

देवघर। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर और बाबा बासुकीनाथ धाम, दुमका में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं।

भगवान बैद्यनाथ मंदिर के सरदार पंडा गुलाब नंद झा ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ के लिए विशेष महत्व रखता है। सावन की सोमवारी को बाबा पर जल, बेलपत्र और सच्ची आस्था के साथ जलाभिषेक करने की धार्मिक मान्यता है। इसी आस्था के कारण अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम पहुंचे हैं।

देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पिछली सोमवारी की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है। प्रशासन की ओर से सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रात से ही पुलिसकर्मी और पदाधिकारी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने में जुटे हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुबह 4.30 बजे खुला मंदिर का पट

अंतिम सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट सुबह 4.30 बजे खोला गया। पट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के शिवलिंग पर जलार्पण शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।

अंतिम सोमवारी के अवसर पर राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा भी देवघर पहुंचीं और बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।

बासुकीनाथ में भी उमड़ी भीड़

सावन की अंतिम सोमवारी पर दुमका जिले के प्रसिद्ध फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बोल बम कांवरियों के साथ भागलपुर के बरारी घाट से गंगाजल लेकर हंसडीहा के रास्ते पहुंचने वाले बड़ी संख्या में डाकबम श्रद्धालु भी बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।

संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले से ही पूरी तरह चौकस है। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार तथा मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

बासुकीनाथ मंदिर का पट सुबह तीन बजे खोला गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया और अरघा के माध्यम से जलाभिषेक कराया गया। हंसडीहा के रास्ते पहुंचने वाले डाकबम श्रद्धालुओं को टोकन देकर पेड़ा गली द्वार से सीधे मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है।

झारखंड सहित अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं में बाबा बासुकीनाथ के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बाबा बैद्यनाथ धाम में अब तक 52 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा पर जल चढ़ा चुके हैं।-------------

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें