डीसी कोर्ट में दस्तावेज जमा करने के लिए बनाया गया बॉक्स
रामगढ़ । जिले में कोरोना की वजह से कई कार्यालयों में काम नहीं हो पा रहा है। समाहरणालय परिसर में भी कोरोना के संक्रमित लोग मिले थे, जिसकी वजह से उपायुक्त और अपर समाहर्ता के कोर्ट को भी बंद करना पड़ा था। लेकिन अब पूरी एहतियात के साथ कोर्ट का कार्य शुरू हो गया है। डीसी संदीप सिंह ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को उपायुक्त या अपर समाहर्ता के कोर्ट में कोई भी वाद, आवेदन या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करना है, तो उनके लिए समाहरणालय के मुख्य द्वार पर बॉक्स की व्यवस्था की गई है। आवेदक उसी बॉक्स में अपना आवेदन जमा करेंगे। जिसे सेनिटाइज कर कोर्ट के कर्मचारी संबंधित अधिकारी के पास प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद निर्धारित तिथि पर शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए सुनवाई भी होगी।





