बंगाल उपचुनाव: कांग्रेस ने ममता को दिया झटका, मदद करने से किया इनकार, बगावत तेज

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल से संपर्क किया था। प्रस्ताव के तहत, टीएमसी ने नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने और रेजीनगर सीट पर कांग्रेस का समर्थन पाने की पेशकश की थी, जिसे कांग्रेस ने टीएमसी शासनकाल में अपने कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों का हवाला देते हुए ठुकरा दिया।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने चुनौतियां फिलहाल कम होती नहीं दिख रही हैं। खबर है कि नंदीग्राम उपचुनाव में मदद के लिए उन्होंने कांग्रेस से संपर्क साधा था, लेकिन पार्टी ने उनका प्रस्ताव मानने से साफ इनकार कर दिया है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से किसी भी पार्टी ने कुछ नहीं कहा है।सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल से बात की थी। उन्होंने नंदीग्राम सीट पर कांग्रेस के लिए लड़ने का वादा करते हुए रेजीनगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के लिए समर्थन मांगा था।
यह भी कहा गया है कि ममता ने नंदीग्राम से अपने प्रत्याशी का नाम वापस लेने की भी पेशकश की थी, जिससे संकेत मिल रहे थे कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिश में हैं। हालांकि, कांग्रेस ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि तृणमूल शासन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए कथित अत्याचारों के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभांकर सरकार के मुताबिक, अगर टीएमसी गठबंधन चाहती है, तो उसे नंदीग्राम और रेजीनगर, दोनों सीटों पर होने वाले उपचुनावों में कांग्रेस का साथ देना होगा।
दोनों ही सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम सीट पर संचिता प्रधान डे को और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। खबरें हैं कि संचिता प्रधान डे की उम्मीदवारी को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी का दौर शुरू हो गया है, क्योंकि उनका नाम साल 2014 के शिक्षक भर्ती घोटाले में आया था। उधर, कांग्रेस ने रेजीनगर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल कफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है।ममता बनर्जी के लिए चुनौतियां यहीं खत्म नहीं होतीं।
ऋताब्रत बनर्जी की अगुवाई वाले टीएमसी के बागी गुट ने भी दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। यह गुट टीएमसी के नाम और चिह्न पर ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उनकी तरफ से नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से सफीउज्जमां शेख मैदान में होंगे।





