पौधरोपण करने के पहले अपने मन में करें बीज का रोपण - बृजेंद्र पाल सिंह
लखनऊ
लोक भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह
ने कहा कि जमीन पर पौधरोपण करने से पहले अपने मन में बीज का रोपण करें,
तभी धरा हरा-भरा होगी। ये बातें उन्होंने लखनऊ में वन विभाग मुख्यालय पर
परिजात सभागार में शनिवार को हुई बैठक में कही।
पर्यावरण संरक्षण
मानव जीवन ही नहीं अपितु संपूर्ण जीव जगत के सुचारु कार्य संचालन के लिए
आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका वृक्षों की है। इसके लिए पौधों
का रोपण एवं उनके संरक्षण के साथ किन-किन पौधों का रोपण प्राथमिकता पर
किया जाए और कब किया जाए, यह जानना भी आवश्यक है। इसलिए लोक भारती ने वन
विभाग मुख्यालय लखनऊ में हुई बैठक में इन्हीं बातों पर विशेष बल दिया है।
प्रभागीय
वनाधिकारी सितांशु पांडेय व लोक भारती की संयुक्त तत्वावधान में हुई बैठक
में वन विभाग के अधिकारियों के साथ लोक भारती व कई स्वयंसेवी संगठनों समेत
पर्यावरण प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। इन सभी ने हरिशंकरी-पौधरोपण का
संकल्प लिया। इसके लिए प्रभागीय वनाधिकारी से आवश्यकतानुसार पौधों की मांग
की। प्रभागीय वनाधिकारी ने पौधे उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
प्रभागीय
वनाधिकारी सीतांशु पांडेय ने कहा कि पौधा लगाने से पहले उसकी सुरक्षा
प्रबंध के बारे में विचार करना होगा, तभी पौधरोपण का लाभ होगा।बैठक में
लगभग 8556 पौधरोपण का कार्ययोजना तैयार हुआ, जो जुलाई के अंत तक रोप जाने
हैं। पौधे लगाने का सबसे उपयुक्त समय वर्षा काल का श्रावण मास होता है। ऐसे
में लोक भारती ने वर्षा ऋतु की आगमन पर नौ जुलाई से सात अगस्त तक देश भर
में हरियाली माह का संचालन कर रही है। पीपल, पाकड़, बरगद यानी हरिशंकरी के
पौधे लगाने पर विशेष जोर है। लोक भारती हरियाली अभियान टोली प्रदेश भर में
लोगों को पौधों का महत्व भी बताएगी और धरा को हरा-भरा रखने में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाएगी।
लोक भारती के हरियाली अभियान के संयोजक प्रेम सागर
त्रिपाठी ने कहा कि जब प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो परमात्मा की कृपा भी बनी
रहेगी और हम आपदा से मुक्त हो पाएंगे। यह हरे-भरे वृक्ष ही हम सबको
प्रकृति व परमात्मा के साथ जोड़ने के माध्यम बनेंगे। हरिशंकरी के रूप में
तीन पवित्र वृक्षों पीपल, पाकड़ व बरगद को जोड़ा गया है। उन्होंने लोगों से
अपील की है कि पौधे लगाएं और उसका पालन बच्चों की तरह करें। केवल पौधा
लगाना ही नहीं उसका संरक्षण करना भी हमारी जिम्मेदारी है। आने वाला दौर
हरा-भरा हो, इसके लिए पहल अभी से करनी होगी। बैठक का संचालन लोक भारती के
राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाली माह अभियान के लखनऊ संयोजक डा. पार्थ प्रतिम ने
किया। बैठक में लोक भारती से राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, गोपाल
उपाध्याय, श्रीकृष्ण चौधरी, भास्कर अस्थाना, डा. हृदयेश बिहारी, कमलेश
गुप्ता, चंद्रभूषण तिवारी आदि उपस्थित थे।





