रांची में गैरकानूनी ढंग से संचालित ड्रामा बार के मालिक और मैनेजर को भेजा जेल
रांची,। राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस के बार
चलाने के आरोप में पुलिस ने संचालक गौरव सिंह और मैनेजर अभिमन्यु सिंह को
गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने सोमवार
को बताया कि बिना लाइसेंस के ड्रामा बार चलाने और दस बजे के बाद भी तेज
आवाज में गाना बजाने को लेकर यह कार्रवाई की गई है। दोनों का मेडिकल कराकर
न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते
दिनों रांची के मेन रोड में स्थित एक्सट्रीम बार में ग्राहकों के साथ
बाउंसरों ने मारपीट की थी। मारपीट के बाद डीजे संचालक की गोली मारकर हत्या
कर दी गयी थी। इस मामले में हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था। मामले की
सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने बार-रेस्टोरेंट के संचालन में नियम-कानूनी की
अनदेखी पर कड़ी टिप्पणी की थी।
कोर्ट ने उत्पाद विभाग और प्रशासन
को हर हाल में रात्रि 12 बजे बार बंद कराने का निर्देश दिया है। इसके बाद
उत्पाद विभाग और रांची पुलिस हरकत में आ गई है। उत्पाद विभाग ने पिछले 10
दिनों में कुल 26 बार-रेस्तरां की जांच की। इन सभी में शर्तों का उल्लंघन
मिला। इसके बाद संबंधित बार संचालकों को शो-कॉज करते हुए जवाब मांगा गया
है।





