बड़गाईं के राजस्व निरीक्षक भानू प्रताप प्रसाद चार दिनों की ईडी रिमांड पर
रांची,
05 फरवरी । पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित 8.5 एकड़
बड़गाईं अंचल की जमीन दखल के मामले में बड़गाईं अंचल के राजस्व निरीक्षक
(हल्का कर्मचारी) निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद को रिमांड पर लेने के ईडी के
आग्रह पर ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की कोर्ट में सोमवार को सुनवाई
हुई। इस दौरान ईडी की ओर से पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड देने का
आग्रह कोर्ट से किया गया।
कोर्ट ने भानु प्रताप से पूछताछ के लिए
चार दिनों की रिमांड ईडी को प्रदान की। रिमांड की अवधि मंगलवार से शुरू
होगी। भानु प्रताप पहले से ही बरियातू की सेना की जमीन घोटाला मामले में
जेल में बंद हैं। शनिवार को ईडी ने उन्हें इस मामले में भी गिरफ्तार किया
था। ईडी हेमंत सोरेन और भानु प्रताप को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करना
चाहता है। क्योंकि भानु प्रताप के आवास से ही बरामद दस्तावेज और उसके
मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर ईडी ने इस मामले में ईसीआईआर 6 /2023
दर्ज किया है और मामले की जांच कर रहा है। इस मामले में भानु प्रताप
प्रसाद, हेमंत सोरेन एवं अज्ञात अन्य को आरोपित बनाया गया है।





