वादे के अनुरूप सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा स्थाई करे हेमंत सरकार : अमर बाउरी
रांची,। भाजपा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, रांची विधायक
सीपी सिंह, राजमहल विधायक अनंत ओझा, कांके विधायक समरी लाल एवं गोड्डा
विधायक अमित मंडल ने रविवार को सहायक पुलिसकर्मियों से मुलाकात की एवं उनकी
समस्याओं को विस्तार से जाना।
करीब आधे घंटे चले इस मुलाकात में
भाजपा के विधायकों ने सभी सहायक पुलिसकर्मियों को आश्वस्त किया कि यदि यह
सरकार आप सभी को स्थायी नहीं करती है तो आने वाले चुनाव के बाद यदि भाजपा
की सरकार बनती है तो इस मामले पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मौके
पर नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों को सरकार ने
ही नियोजित किया था और सरकार ही अब उन्हें स्थायी नहीं कर रही है। सहायक
पुलिसकर्मियों के साथ वर्तमान सरकार की हुई वार्ता में यह स्पष्ट किया गया
था कि उन्हें जल्द ही स्थायी कर दिया जाएगा लेकिन झूठे वादे और सहायक
पुलिसकर्मियों को ठग कर सत्ता में आई राज्य सरकार अब उनकी सुध तक नहीं ले
रही है। सरकार सिर्फ सोशल मीडिया पर आश्वासन देकर और सहायक पुलिसकर्मियों
को ठग कर सत्ता हासिल करने का काम किया। उन्होंने कहा कि आने वाले सत्र में
इन सभी मुद्दों को सदन के भीतर प्रमुखता से रखा जाएगा।
उल्लेखनीय
है कि वर्ष 2020 एवं 2021 में सहायक पुलिसकर्मियों के साथ राज्य सरकार हुई
वार्ता में मौखिक एवं लिखित रूप से सरकार ने वादा किया था कि सभी सहायक
पुलिसकर्मियों को स्थायी कर दिया जाएगा लेकिन आज तक किसी की सहायक
पुलिसकर्मियों को स्थायी नहीं किया गया। इसके खिलाफ सैकड़ों की संख्या में
सहायक पुलिसकर्मियों ने रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष एक
दिवसीय उपवास एवं धरना दिया। सहायक पुलिसकर्मी, जिसमें पुरुष और महिलाएं
दोनों ही शामिल हैं अपने छोटे बच्चों के साथ धरना दे रहे हैं।





