आजसू ने जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच के लिए राज्यपाल को भेजा स्मार पत्र
रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर गुरुवार को सभी उपायुक्तों के माध्यम से राज्यपाल को स्मार-पत्र भेजा। आजसू ने कहा है कि यह काफी संवेदनशील मामला है। इसलिए राज्य सरकार जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराये।
पत्र में कहा गया है कि पेपर लीक मामले में राज्य सरकार ने जांच के लिए एक एसआईटी बैठाई है लेकिन अखिल झारखंड छात्र संघ की समझ है कि यह जांच इस गंभीर मामले के लिए पर्याप्त नहीं है। पेपर लीक मामले में राज्य के उच्च पदाधिकारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। इसलिए एसआईटी द्वारा की जा रही जांच प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
अखिल झारखंड छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि छात्र हित में पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच को लेकर पर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सीबीआई के निष्पक्ष जांच से ही इस मामले के दोषियों को सजा और राज्य के लाखों अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा। सीबीआई जांच समेत अन्य मांगों को लेकर किए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज आजसू ने जिलों के उपायुक्तों के माध्यम से राज्यपाल को स्मार पत्र सौंपा। इसी कड़ी में 17 फरवरी को आजसू राज्य के हजारों छात्रों और अभ्यर्थियों के साथ उनके हक के लिए राजभवन के समक्ष एक दिवसीय प्रदर्शन करेगी।





