दोस्त की हत्या मामले में आरोपित दोषी करार
रांची। अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार की अदालत ने प्रेम प्रसंग में दोस्त की हत्या करने के आरोपित अनमोल वर्मा उर्फ कांटी को मंगलवार को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोषी अनमोल वर्मा की सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 19 जनवरी की तिथि निर्धारित की है। हत्या का यह मामला साल 2019 का है।
मामले में सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुआ था। आरोपित ने पहले प्रेमिका की हत्या कर रातु रोड स्थित कब्रिस्तान में शव गाड़ दिया था। इसके बाद अपने दोस्त की भी हत्या कर उसी कब्रिस्तान में गाड़ दिया था। नाबालिग प्रेमिका की हत्या करने के मामले में अदालत पूर्व में अनमोल उर्फ कांटी को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है।





