सिमडेगा में घर में घुसकर युवती को मारी गोली, गंभीर हालत में रिम्स रेफर

सिमडेगा : झारखंड में बढ़ते अपराध के बीच सिमडेगा जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली में घर में सो रही एक युवती को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नवाटोली निवासी मोहम्मद हुसैन की पुत्री जेबा परवीन अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान अपराधी घर में घुस आए और बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग कमरे में पहुंचे, जहां जेबा खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया। फिलहाल युवती जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों ने वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया और वे घर में कैसे दाखिल हुए, इन सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि अब तक हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।





