लोस चुनाव से पहले गोपालगंज में फॉर्च्यूनर से मिले 9.91 लाख कैश
-तीन हथियार के साथ पांच गिरफ्तार
गोपालगंज।लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग के निर्देश के बाद पुलिस अलर्ट हो गयी है। यूपी बिहार के चेकपोस्ट पर वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है। वाहन जांच के दौरान शुक्रवार को कुचायकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी से तीन हथियार और 15 गोली के साथ 9 लाख 91 हजार 500 कैश जब्त किया है। वहीं, वाहन में सवार गुजरात और मध्य प्रदेश के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे कुचायकोट थाने की पुलिस पूछताछ कर रही है।एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि वाहन जांच के दौरान कुचायकोट थाने की पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी से पांच लोगों को हिरासत में लिया है. इन लोगों के पास से तीन हथियार, 15 गोली और कैश बरामद किया गया है। हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक ये सभी लोग गुजरात और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। गुजरात से असम जाने के दौरान यूपी-बिहार के गोपालगंज में स्थित बलथरी चेकपोस्ट पर पुलिस ने कार्रवाई की है पुलिस ने पकड़े गये लोगों की पहचान गुजरात के अहमदाबाद जिले के न्यू इंडिया कॉलोनी निवासी दिनेश सिंह, गुजरात के बनस्कटा जिले के कतरबत्ता निवासी शैलेश भाई, कठियाबाढ़ जिले के भाव नगर थाना क्षेत्र के मकवाना निवासी अश्विनी कुमार के अलावा मध्यप्रदेश के भिंड जिले के भिंड निवासी रविकांत शर्मा और भिंड जिला के पादरी निवासी भागीरथ सिंह के रूप में की है।





