बरियातू से 8 टन तार की चोरी
रांची । रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी में गीतांजलि मैरेज हॉल के सामने से अपराधियों ने अंडरग्राउंड केबलिंग का काम कर रही मोती प्रभा कंपनी के आठ टन तार की चोरी कर ली। घटना बुधवार सुबह करीब पांच बजे की है। इस संबंध में मोती प्रभा के झारखंड इंचार्ज विजेंद्र सिंह ने बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। गौरतलब है कि अंडर ग्राउंड केबलिंग का काम पूरे झारखंड में केइआइ केबल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। मोती प्रभा पेटी कांट्रेक्टर है।विजेंद्र सिंह ने बताया कि गीतांजलि मैरेज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे से चोरी के संबंध में पता चला। फुटेज के आधार पर बताया गया कि जिस क्रेन के सहारे तार की चोरी की गयी है, वह क्रेन मोनू क्रेन सर्विस की है। उस पर मोबाइल नंबर पर भी लिखा हुआ था। उस नंबर पर जब विजेंद्र सिंह ने कॉल किया तो उसके चालक ने फोन उठाया। कहा कि हमें दीपक कुमार नामक व्यक्ति ने तार का आठ टन का ड्रम उठाने के लिए कहा था। यह भी कहा कि क्रेन किराये पर दिया जाता है। उसे कोई भी बुक कर सकता है। पुलिस दीपक कुमार की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही चोरी करने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





