लोकसभा चुनाव में झारखंड के 29521 मतदान केंद्र होंगे मॉडल बूथ ,झारखंड होगा देश का पहला राज्य
रांची: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने झारखंड के सभी 29521 मतदान केंद्रों को मॉडल बूथ बनाने का फैसला किया है। झारखण्ड देश का पहला राज्य होगा जहां सभी मतदान केन्द्रों को मॉडल बूथ बनाया जाएगा। आम तौर पर चुनाव के समय जिला स्तर पर कुछ चुनिंदा मतदान केंद्रों को मॉडल बूथ बनाया जाता है। पहले बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ इसे आकर्षक ढंग से सजाया जाता था, लेकिन इस बार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सभी मतदान केंद्रों को थीम आधारित आदर्श मतदान केंद्र बनाने की तैयारी की गयी है। थीम आधारित मतदान केंद्र पर पहुंचते ही आपको उस जिले के स्थानीय पर्यटन स्थलों की झलक दिखेगी। जिला स्तर पर धार्मिक और जातीय मुद्दों से हटकर थीम आधारित बूथ बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को सभी जिलों से एक लंबी सूची प्राप्त हुई है।





