पलामू में 15 लाख के इनामी माओवादी नीतेश जी के दस्ते का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
पलामू, प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के 15 लाख के इनामी
नीतेश यादव के दस्ते में शामिल शातिर नक्सली कामेश्वर यादव उर्फ धनराश यादव
उर्फ धनराज यादव को छतरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके घर आने की
सूचना पर जिले के पांडू थाना क्षेत्र के खैरा मंगरदाह में छापामारी कर उसे
गिरफ्त में लिया गया। माओवादी कामेश्वर 23 अगस्त 2023 को महुदंड से काला
पहाड़ के बीच बन रही पक्की सड़क में लगे मुंशी एवं मजदूरों के साथ मारपीट की
थी व निर्माण में लगे सात से आठ वाहनों को जला दिया था। यह घटना छतरपुर
थाना क्षेत्र में हुई थी।
छतरपुर एसडीपीओ नौशाद
आलम ने अपने कार्यालय में शनिवार को इस संबंध में पत्रकारों को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महुदंड से काला पहाड़ के बीच सड़क निर्माण में आगजनी,
मारपीट में शामिल चार माओवादियों को अबतक गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले
हरिहर यादव और राकेश्वर यादव उर्फ विनोद यादव को गिरफ्तार किया गया था,
जबकि चतरा के प्रतापपुर थाना पुलिस ने दो दिन पहले बबन भोक्ता उर्फ बबन
गंझू को गिरफ्तार किया है। बबन की निशानदेही पर कामेश्वर यादव को गिरफ्तार
किया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि आगजनी की घटना को 15 लाख के
इनामी माओवादी नीतेश यादव के दस्ते ने अंजाम दिया था और उसमें कामेश्वर
यादव भी शामिल था। माओवादी कामेश्वर ने कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके
आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही घटना में अपनी संलिप्तता
स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि कामेश्वर यादव शीर्ष माओवादी कमांडर नीतेश
यादव का करीबी है। चतरा में बबन भोक्ता की गिरफ्तारी के बाद कामेश्वर की
गिरफ्तारी में पलामू पुलिस जुटी हुई थी।





