सीआरपीएफ पर हुए एफआईआर पर राज्यपाल ने कहा-राज्य सरकार की ओर से हुई है गलती
रांची: ईडी पूछताछ के दौरान 20 जनवरी को सीएम हाउस के समीप सीआरपीएफ की तैनाती को सही मानते हुए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि जिस तरह से सीएम आवास के बाहर सुनियोजित रुप से भारी संख्या में लोगों को लाया गया था वह बेहद ही चिंताजनक है। सीआरपीएफ के ऊपर किए गए कांड दर्ज को गलत मानते हुए राज्यपाल ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकार की ओर से यह गलती की गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार कैंसर के समान है यदि आप विकास चाहते हैं तो इसे जड़ से हटाना होगा। विदित हो कि 20 जनवरी को सीएम आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इडी की पूछताछ के वक्त बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता और नेता सड़क पर उतरकर ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारा लगा रहे थे। माहौल बिगड़ता देख उस दौरान दोपहर बाद करीब आठ बसों में सवार होकर सीआरपीएफ के जवान सीएम आवास के समक्ष पहुंचे थे।





