झारखंड में पांचवें चरण के लिए 42 व छठे चरण के लिए 26 प्रत्याशियों ने किया नामांकन: के रवि कुमार
रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर गुरुवार को झारखंड में कुल 29 नामांकन हुए । साथ ही गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए 3 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। उन्होंने कहा कि अब तक झारखंड में पांचवें चरण के लिए 42 व छठे चरण के लिए 26 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। पांचवें चरण के लिए गुरुवार को झारखंड की लोकसभा सीट चतरा से 8, कोडरमा से 4 और हजारीबाग से 5 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया। अब तक चतरा में 20, कोडरमा में 11 व हजारीबाग में 11 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया है. गांडेय उपचुनाव के लिए अब तक 7 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वहीं छठे चरण के लिए गुरुवार को झारखंड में लोकसभा सीट गिरिडीह से 2, धनबाद से 3, रांची से 4 और जमशेदपुरसे 3 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया. अब तक छठे चरण में गिरिडीह में 5, धनबाद में 8 ,रांची में 6 व जमशेदपुर में 7 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है. पांचवे चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 3 मई और छठे चरण के लिए 6 मई है। उन्होंने कहा कि झारखंड के 24 जिलों से आचार संहिता लागू होने के बाद से नकद राशि सहित शराब जब्त की गयी है। यह राशि 72 करोड़, 37 लाख आंकी गयी है। वहीं पिछले 24 घंटों में 1.6 करोड़ रुपए सीज किये गये जिनमें 38 लाख कैश शामिल है।
सरकारी स्कूलों में पाठ्य सामग्री वितरण पर रोक नहीं- के रवि कुमार
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि सरकारी और सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूलों में पाठ्य सामग्री वितरण में आदर्श आचार संहिता बाधक नहीं है, बशर्ते पाठ्य सामग्री पर किसी राजनीतिक व्यक्ति की तस्वीर नहीं हो। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में बच्चों के सुगम पठन-पाठन के लिए भारत निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि शिक्षा विभाग द्वारा पाठ्य पुस्तक, नोट बुक, स्कूल बैग, कंप्यूटर लैब की स्थापना, टैब की खरीदारी और उसके वितरण के लिए टेंडर कर खरीदारी करने में कोई बाधा नहीं है।





