उप राष्ट्रपति चुनाव में 20 सांसद मतदान में लेंगे हिस्सा
रांची। उप राष्ट्रपति का चुनाव शनिवार को होना है। इस चुनाव में झारखंड से एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का पलड़ा भारी है। झारखंड से लोकसभा के 14 और राज्यसभा छह के कुल 20 सांसद मतदान में हिस्सा लेंगे। इसमें एनडीए सांसदों की संख्या 15 है। दोनों सदन में झामुमो और कांग्रेस को मिलाकर पांच सांसद हैं।
झामुमो ने विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करने की घोषणा की है। इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव में झामुमो ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था। आजसू पहले ही एनडीए उम्मीदवार को समर्थन करने की घाेषणा कर चुका है। झारखंड से कांग्रेस पार्टी के सांसद गीता कोड़ा और धीरज साहू मतदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उप राष्ट्रपति के लिए छह अगस्त को दिन के 10 बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जायेंगे। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन वोटों की गिनती भी होगी।





