फतेहाबाद में युवक को शराब पिलाकर मोबाइल और नकदी लूटी, दो गिरफ्तार

फतेहाबाद। दोस्ती और महफिल के नाम पर लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाशों को थाना शहर रतिया पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इस बारे में गुरूवार को केस दर्ज किया और शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पंजाब के एक युवक को पहले अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई और फिर उसके बेहोश होते ही चांदी का कड़ा, मोबाइल और नकदी छीनकर रफूचक्कर हो गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव दादूपुर निवासी सुनील कुमार और गांव मिराना निवासी जगदीप सिंह के रूप में हुई है।
थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पंजाब के जिला मानसा के गांव दलेलवाला निवासी गुरदास सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 10 जुलाई को सुनील और जगदीप उसे अपने साथ लेकर गए थे। वहां उन्होंने गुरदास को अत्यधिक शराब पिला दी।
जब गुरदास नशे के कारण बेहोशी की हालत में आ गया, तो दोनों आरोपियों ने उसका फायदा उठाया। आरोपी गुरदास के हाथ से 73 ग्राम चांदी का कड़ा, उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और जेब में रखी करीब 700 रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर रतिया पुलिस ने 16 जुलाई को मामला दर्ज किया।
केस दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगामी जांच बारीकी से की जा रही है और इनसे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।





