शिमला : होली मनाने गए युवक को दोस्तों ने उतारा मौत के घाट, फरार
शिमला। शिमला जिला के रामपुर उमण्डल में हत्या का एक सनसनीखेज़
मामला सामने आया है। यहां बदराश इलाके में नेपाली मूल के एक युवक को उसके
दोस्तों ने ही पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की शिनाख्त राजेन्द्र
(32) के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के पास होली मनाने गया था। इस
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे फरार हो गए। रामपुर पुलिस अभियुक्तों
की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। हत्या में संलिप्त सभी
अभियुक्त नेपाली मूल के हैं।
मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध हत्या का मुकद्दमा दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता
दिल बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने चचेरे भाई
राजेन्द्र संग 24 मार्च की शाम होली मनाने बदराश स्थित उनके दोस्त निर्मल
के पास गए थे। निर्मल का यहां किराए का कमरा है। सागर और नेपाली मूल के दो
अन्य साथी भी वहां मौजूद थे। सब होली का जश्न मना रहे थे कि इसी बीच सागर
और दो अन्यों ने राजेन्द्र को लाठी व मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया।
राजेन्द्र की हालत नाजुक होने पर उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में
उसने दम तोड़ दिया।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बुधवार को
बताया कि यह हत्या का मामला है और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर आईपीसी की
धारा 302, 323 व 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार अभियुक्तों की
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में
छापेमारी की जा रही है।





