फतेहाबाद में जयपुर की महिला से ट्रेन में लूट, अमृतसर पहुंच दी शिकायत

फतेहाबाद में जयपुर की महिला से ट्रेन में लूट, अमृतसर पहुंच दी शिकायत
जीआरपी ने दर्ज किया केस, महिला से कैश और मोबाइल छीनने का आरोप
फतेहाबाद, 15 मार्च । फतेहाबाद जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन के समीप गत दिवस अजमेर-अमृतसर के बीच चलने वाली ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट करने के मामले में ट्रेन में सवार महिला ने अमृतसर पहुंचकर रेलवे पुलिस को शिकायत की है। जयपुर निवासी इस महिला ने बताया कि ट्रेन में आए नकाबपोश युवकों ने उससे उसका पर्स, मोबाइल, 3 हजार रुपये कैश, दो कीमती घडिय़ां लूटी है। महिला द्वारा शिकायत किए जाने के बाद अब हिसार जीआरपी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ 379ए व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि गत दिवस अजमेर से अमृतसर चलने वाली ट्रेन नंबर 619 को सुबह करीब 4 बजे कुछ शरारती तत्वों ने चेन खींच कर जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन के पास रोक लिया। स्टेशन मास्टर को पता चला कि सिग्नल भी डाऊन कर दिया गया है, जिसके बाद जांच की गई तो पता चला कि कुछ यात्रियों ने बताया कि 3-4 युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और यात्रियों से मोबाइल आदि की छीनाझपटी करने लगे और बाद में फरार हो गए। कुछ देर ट्रेन रुकी, लेकिन फिर अमृतसर की तरफ बढ़ गई।
इस बारे सूचना मिलते ही दिनभर हिसार, उकलाना, जाखल, टोहाना की रेलवे पुलिस इस मामले में जमालपुर क्षेत्र में जांच करती रही लेकिन कोई शिकायत नहीं मिली थी। तब एसएचओ जीआरपी ने बताया था कि ट्रेन के साथ पंजाब जा चुके यात्रियों से संपर्क किया जा रहा है, यदि कोई सूचना मिलती है तो मामला दर्ज किया जाएगा। इस दौरान टीम ने पंजाब के धुरी, संगरूर, लुधियाना व अमृतसर जीआरपी से लगातार संपर्क बनाए रखा।
अब बीती देर शाम अमृतसर पहुंची महिला ने वहां शिकायत दी तो अमृतसर जीआरपी ने यहां की जीआरपी को व्हाट्सऐप पर शिकायत भेजी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में जयपुर निवासी इंद्रजीत कौर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रेलवे स्टेशन जयपुर से अजमेर-अमृतसर ट्रेन पर अमृतसर जाने के लिए सवार हुई। जाखल क्षेत्र में बी-3 टायर में दो युवक आए और उससे पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में तीन हजार की नगदी, एक मोबाइल व दो घडिय़ां थी। शिकायत मिलने के बाद उकलाना आरपीएफ निरीक्षक परमजीत कौर ने शिकायतकर्ता से मोबाइल पर संपर्क किया तो बताया कि उन्होंने अपने छीने गए मोबाइल पर फोन किया तो आगे से बताया गया कि वे टोहाना के गांव अमानी से बोल रहे हैं और यह फोन उन्हें खेतों में पड़ा मिला, आज वे शादी में हैं। कल मोबाइल ले लेना, इसके बाद से मोबाइल बंद आ रहा है। इस मामले में जीआरपी पुलिस जांच में जुटी है।





