इंदौर में गहराया जल संकट, पानी के लिए सड़कों पर उतरे लोग, कांग्रेस का चक्काजाम प्रदर्शन

इंदौर : मध्य प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में पानी का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। शहर के कई वार्डों की कॉलोनियां और मोहल्ले इन दिनों भीषण जल किल्लत से जूझ रहे हैं।
हालात इतने खराब हैं कि टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ रही है। नगर निगम ट्रैक्टर-टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई कर रहा है, लेकिन बढ़ती मांग के सामने यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। इस बाबत महापाैर का कहना है कि वे इस गंभीर स्थिति की जानकारी है और कंट्राेल रूम से हर घर जल पहुंचाने काे प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच जल संकट से परेशान लोगों ने रविवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और स्थानीय निवासियों ने पालदा और सुखलिया में चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पालदा चौराहे पर कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्ड-75 और वार्ड-64 के रहवासियों ने चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने नियमित जलापूर्ति, पर्याप्त टैंकर व्यवस्था और नर्मदा लाइन से पानी सप्लाई की मांग उठाई। लोगों का आराेप था कि कई इलाकों में चार-चार दिनों से पानी नहीं आया है। मजबूरी में लोगों को महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है या दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कुणाल सोलंकी ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और समस्या का समाधान नहीं करेंगे, तब तक वे पानी नहीं पीएंगे। पार्षद ने जल संकट को लेकर विधायक मधु वर्मा पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। उन्हाेंने आरोप लगाया कि कई कॉलोनियों में अब तक नर्मदा लाइन नहीं पहुंची है और नगर निगम से पर्याप्त टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।





