यूपी खेलों में भी सबसे आगे होगा - ठाकुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पिछले दस वर्ष के अंदर खेलों में एक माहौल बना है। युवा ऊर्जा के प्रोत्साहन के लिए जो एक नया प्लेटफॉर्म प्रधानमंत्री ने दिया है,उनके विजन को उनकी भावनाओं के अनुरूप जमीनी धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की 16 आबादी निवास करती है और हमारे खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स के 25 फीसदी मेडल प्राप्त किए हैं। नेशनल गेम्स में भी यूपी के खिलाड़ियों ने अच्छा किया है और उसे और भी अच्छा करने के लिए यह सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों से कहा कि आपने एक ऐसी उड़ान भरी है, जिसने देश का मान सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए सीएम योगी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश के अखबारों में अगर हेडलाइन बनती थी तो घोटालों की बनती थी। अब कॉमनवेल्थ के घोटाले की चर्चा नहीं होती, मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का नाम छपता है। लगभग एक दशक में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री जी ने जहां खेलों का बजट 3 गुना बढ़ाया है तो वहीं उत्तर प्रदेश में भी खेलों को प्रोत्साहन मिला है।
आज खिलाड़ियों को इतनी सुविधाएं मिल रही हैं कि उन्हें अपने खर्चे पर नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस पर ध्यान देना होता है। यही वजह है कि एशियन गेम्स में खिलाड़ियों ने 107 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। पैराएशियन खिलाड़ियों ने इस आंकड़े को भी पार कर लिया। जितना आप सबने किया, उससे बढ़-चढ़कर सरकारों ने प्रोत्साहन दिया। आप सबने वो करके दिखाया, जिस पर आपको ही नहीं पूरे समाज को और पूरे देश को गर्व है। ये पड़ाव नहीं शुरुआत है। आपकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। योगी जी ने जो संकल्प लिया है, निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश खेलों में सबसे आगे रहने वाला है। योगी जी उत्तर प्रदेश को खेलों में आगे ले जाना चाहते हैं,उनके सपने को साकार करने की जिम्मेदारी आप सबकी है।
उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, पूरे देश को यहां से ऊर्जा मिल रही है। पहले उत्तर प्रदेश का नाम दंगों के लिए आता था, अब यहां दंगल होते हैं। पहले सड़कों पर गोलियां चलती थीं, लेकिन अब हमारे शूटर ओलंपिक में पदक पर निशाना साधते हैं। योगी जी आप सुविधाएं देते रहें, हमारे खिलाड़ी इतिहास रचते रहेंगे।





