अवैध हथियार के साथ तृणमूल नेता सुबिद अली ढाली समेत दो गिरफ्तार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के गोसाबा क्षेत्र के चर्चित तृणमूल कांग्रेस नेता सुबिद अली ढाली उर्फ झड़ो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से वह कथित रूप से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके एक सहयोगी मोनिरुल पैलान को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो अवैध देशी आग्नेयास्त्र और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जीवनतला थाना पुलिस ने खागड़ा गांव में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की।
सुबिद अली ढाली, जो गोसाबा ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बताया जाता है, पर अवैध भूमि कब्जा, उगाही, मछली भेड़ियों पर जबरन कब्जा, मनरेगा की राशि में कथित कटमनी वसूली तथा राजनीतिक विरोधियों पर अत्याचार सहित कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तृणमूल के सत्ता में आने के बाद सुबिद अली ढाली ने कथित रूप से प्रभाव और भ्रष्टाचार के बल पर भारी संपत्ति अर्जित की। आरोप है कि उसके पास दर्जनों बीघा कृषि भूमि, मछली पालन के लिए विशाल भेड़ी, आलीशान मकान और अन्य अचल संपत्तियां हैं।
उसके खिलाफ कुछ स्थानीय लोगों ने हिंदू महिलाओं से जबरन विवाह करने तथा उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इनकी भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपित या तृणमूल कांग्रेस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।





