बिजनौर में शौचालय केयरटेकर संगठन ने मानदेय के लिए किया प्रदर्शन

बिजनौर : उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में सामुदायिक शौचालय केयरटेकर संगठन के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। केयरटेकरों ने अपने रुके हुए मानदेय और साफ-सफाई सामग्री के भुगतान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सामुदायिक शौचालयों में कार्यरत केयरटेकरों को लंबे समय से मासिक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। इस कारण उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि शौचालयों की साफ-सफाई सामग्री के लिए प्रतिमाह तीन हजार रुपये की धनराशि ग्राम पंचायत द्वारा स्वयं सहायता समूह के खाते में भेजी जाती है। यह राशि सीधे केयरटेकरों को प्राप्त नहीं होती।
इससे उन्हें सामग्री खरीदने और रखरखाव में परेशानी होती है। केयरटेकरों ने मांग की है कि उनका लंबित मानदेय तुरंत जारी किया जाए। इसके अतिरिक्त, साफ-सफाई सामग्री की धनराशि भी सीधे केयरटेकरों को भुगतान किया जाए ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें।





