सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हज़ारीबाग। हज़ारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में छड़वा डैम के समीप हुए सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। बताया जाता है कि सुदामा यादव (38) पत्नी व दो बच्चों के साथ अपने ससुराल कुसुम्भा से बाइक पर सवार होकर कटकमसांडी अपने घर लौट रहे थे। छड़वा डैम के समीप सड़क पर आई एक गाय को बचाने के क्रम में उसने बाइक को किनारे किया। इसी क्रम में तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही सुदामा यादव के पुत्र गोलू (13) की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को हज़ारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। एचएमसीएच में इलाज के दौरान पुत्री चांदनी (11) की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद सुदामा यादव को बेहतर इलाज के लिए। रांची रिम्स भेजा गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक सुदामा यादव की पत्नी को मामूली चोट लगी है। इस घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस व प्रशासन के लोगों ने जाम समाप्त करवा दिया। पुलिस ने ट्रक व इसके चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया गया है कि सुदामा यादव का पूरा परिवार राखी में कुसुम्भा गया हुआ था। वहीं से वापस लौटने के क्रम में यह घटना घटी। इस घटना के कारण गांव में शोक की लहर व्याप्त है।





