प्रधानमंत्री ने कहा - भ्रष्टाचार के मामले में एक मुख्यमंत्री जेल में, झारखंड सरकार के लोग सुधरने वाले नहीं हैं, इसके लिए मुझे दिल्ली से ही डंडा चलाना पड़ेगा
लोहरदगा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोहरदगा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जहां सरकारें भ्रष्ट हैं, वहां कितना भी बजट दिया जाए, कोई फायदा नहीं होता। जिस बाल्टी में छेद हो, उसमें पानी कैसे रह सकता है। इस राज्य में कोई परीक्षा ऐसी नहीं होती जिसका पेपर लीक न होता हो। झारखंड सरकार के लोग सुधरने वाले नहीं हैं, इसके लिए मुझे दिल्ली से ही डंडा चलाना पड़ेगा। झारखंड को देखिए, कांग्रेस के एक सांसद के घर से नोटों के ढेर बरामद हुए। बताइए ये किसका पैसा है, आपका पैसा है या नहीं? उन्हें चोरी करने का अधिकार किसने दिया? एक मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल में है। आप चोरों को सजा देना चाहते हैं या नहीं? झारखंड में चोरों को जेल जाना चाहिए या नहीं? जिसने झारखंड को लूटा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई हो रही है। कोर्ट भी कह रहा है कि हां, चोरी हुई है। मोदी का एक ही संकल्प है कि भ्रष्टाचार मिटाओ और इंडी गठबंधन के लोग कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। मैंं आपको विश्वास दिलाता हूं कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन अब एनडीए के खिलाफ वोट जिहाद का सहारा ले रहा है। साथ ही मोदी ने लोहरदगा के प्रत्याशी समीर उरांव और खूंटी के अर्जुन मुंडा सहित एनडीए के प्रत्याशियों के पक्ष में 13 मई को वोट करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण देश में नक्सलवाद और माओवाद की समस्या बनी लेकिन उनकी सरकार ने देश के बड़े हिस्से को इससे मुक्त कराया। आतंकवादियों पर भी वोट बैंक के कारण कार्रवाई नहीं होती थी। यहां संथाल से लेकर दूसरे हिस्सों में घुसपैठियों को बढ़ावा देने का खेल रहा। पीएफआई अपना संगठन चला रहे। आदिवासी बेटियों के साथ अत्याचार किया जा रहा। जमीन के लिए आदिवासी बेटियों के साथ क्या-क्या नहीं किया जा रहा। जब लोग आवाज उठाते हैं तो वोट जिहाद की बात इंडी गठबंधन वाले करने लगे हैं। वो कितना भी जिहाद कर लें, मोदी डरने वाला नहीं। मोदी के रहते कोई आदिवासियों के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। मोदी ने कहा कि एनडीए गठबंधन भ्रष्टाचार हटाओ की बात करता है जबकि इंडी वाले कहते हैं कि भ्रष्टाचार बचाओ। सभी दिल्ली और दूसरी जगहों पर इकट्ठे होते हैं। चुनाव के समय रैलियां कर रहे कि भ्रष्टाचारी बचाओ। मोदी ने गारंटी देते हुए कहा कि आने वाले पांच सालों में सभी भ्रष्टाचारियों पर कानून का डंडा चलेगा। इंडी गठबंधन वालों को आज भी बर्दाश्त नहीं कि एक गरीब मां का बेटा प्रधानमंत्री कैसे बन गया। वे रोज नया झूठ फैला रहे। अब कह रहे कि मोदी संविधान बदल देगा। वे मुर्खों के सरदार से कहना चाहते हैं कि वे 10 सालों से प्रधानमंत्री हैं लेकिन इतने सालों में उन्होंने ऐसा कोई पाप बाबा साहेब के संविधान के साथ नहीं किया है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने तो इंडी गठबंधन का नकाब उतार दिया है। अपने शासन काल में कांग्रेस भ्रष्टाचार, परिवारवाद की राह पर रहा। अब तो तुष्टिकरण की राह पर भी है। कांग्रेस जो चश्मा पहनती है, उससे उसे केवल एक ही वोट बैंक दिखता है- मुसलमान। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात करती है। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा, इसकी बात करती है। कांग्रेस को यह सब नहीं करना है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस वाले एससी, एसटी, ओबीसी को मिले आरक्षण पर डाका डालने में लगी है। संविधान जब बना तब बाबा साहब आंबेडकर ने तय किया था कि देश में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं मिलेगा। कांग्रेस आपका हक छीनकर मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देने में लगी है। सभी को सतर्क रहना होगा लेकिन मोदी की गारंटी है कि जब तक वे जिंदा हैं तब तक दलित, आदिवासी, ओबीसी के आरक्षण में से रत्ती भर भी चोरी नहीं करने देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया तो कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले कहने लगे कि झाड़ू लगाने और शौचालय बनाने से क्या होगा? आज गांव-गांव देखिए, हालात बदले हैं। उन्होंने जब मोबाइल का डेटा सस्ता किया, गांव-गांव में कॉमन सर्विस सेंटर खोले और हर गांव तक इंटरनेट पहुंचाने की ठानी तो ये झामुमो वाले और कांग्रेस वाले कहते थे कि गांव वालों को इसका क्या फायदा? आज मेरे गांव का युवा सोशल मीडिया का हीरो है। कांग्रेस वालों ने इंटरनेट को अमीरों की चीज बना दिया था। मैंने इंटरनेट को गरीबों के घर पहुंचा दिया है। इस दौरान मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद समीर उरांव, सुदर्शन भगत, अर्जुन मुंडा (केंद्रीय मंत्री), पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।





