विपक्ष को जनता की नहीं अपने परिवार की चिंता: राजनाथ सिंह
सहारनपुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष को जनता की नहीं अपने
परिवार की चिंता है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। राजनीति के प्रति व
राजनेताओं के प्रति विश्वास का संकट था। नेताओं की कथनी व करनी में अंतर
था। इस संकट को दूर करने का काम भाजपा ने किया। हमारी पार्टी जो कहेगी वह
करेगी।
राजनाथ सिंह ने बुधवार को सहारनपुर के भाजपा उम्मीदवार के
पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने जनता के लिए जो
काम किया वह आज तक किसी ने नहीं किया। केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं देश की
जनता यह भलीभांति जानती है कि नरेन्द्र मोदी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी
निर्वहन कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का काम हुआ है। अयोध्या
में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर बन रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनीति
देश बनाने के लिए की जानी चाहिए। यही काम भाजपा कर रही है। आज
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत कोई बात कहता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती
है। अब कमजोर भारत नहीं रहा। आज मजबूत भारत है। हम केवल हथियार बना ही नहीं
रहे हैं बल्कि दूसरे देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात भी कर रहे हैं।
हमारा रक्षा निर्यात जो 2014 में बमुश्किल 600 करोड़ था, आज वह 21 हजार
करोड़ पहुंच गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ ने कहा कि पिछले
10 वर्षों में देश में बड़े परिवर्तन हुए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध
चल रहा था। भारत के बहुत से बच्चे यूक्रेन में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
हमारे प्रधानमंत्री ने रूस व यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की और भारत के
बच्चों को बाहर निकालने के लिए दोनों देशों के बीच युद्ध रोका गया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के वैज्ञानिकों ने करिश्माई काम किया है। धरती
पर ही नहीं चन्द्रमा पर भी लैंड करने पर हमारे वैज्ञानिकों ने सफलता पाई
है।
रक्षामंत्री ने कहा कि स्वागत व अभिनन्दन भारत की परम्परा है
लेकिन यह एकतरफा नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ हमारा
विशेष रिश्ता है लेकिन जितना समय देना चाहिए प्रदेश को वह मैं नहीं दे पा
रहा हूं। जब भी मुझे उत्तर प्रदेश में आने का अवसर मिलता है तो मुझे आत्मिक
सुख मिलता है।





