बजट विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करेगा: सम्राट
पटना।दूरदर्शी, समावेशी एवं प्रगतिशील बजट के लिए वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री, बिहार, सम्राट चौधरी ने कहा है कि केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में गाँव के विकास पर जोर दिया गया है। यह बजट विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल ट्रांसफॉर्मेशन के रहे और भारतीय इकोनॉमी काफी तेज गति से आगे बढ़ी है। हाल के दिनों में भारतीय अर्थव्यवस्था में काफी बदलाव देखने को मिला है। पीएम मोदी ने जब 2014 में सत्ता संभाली थी, तब कई चुनौतियां थीं। जनता के हित में कई कार्यक्रम और योजनाए बनाई गईं, ताकि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का समावेशी विकास पर फोकस है और सभी श्रेणियों और जनता के लिए सभी का विकास की बात की गई है। 2047 तक हम भारत को विकसित देश बनायेंगे।उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकालने में मोदी सरकार को सफलता मिली है। सरकार का समावेशी विकास पर फोकस है और गरीब, महिला, युवा, किसान के सशक्तीकरण पर जोर है। 4 करोड़ किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया गया है और पीएम स्वनिधि योजना के तहत 78 लाख वेंडर्स को मदद की गई है। 34 लाख करोड़ रुपये जनधन के जरिए सीधे पैसा ट्रांसफर किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 11.8 करोड़ किसानों को सरकारी मदद दी गई है और पीएम किसान सम्मान निधि स्कीम के जरिए करोड़ों किसानों को कैश रकम सीधा ट्रांसफर की जा रही है। इस योजना से देश का अन्नदाता लाभ उठा रहा है और पीएम फसल योजना का लाभ 4 करोड़ किसानों को दिया जा रहा है।





