जीवन बीमा पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सभी और सही जानकारियां देना बीमा लेने वाले की जिम्मेदारी
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि जीवन बीमा की पॉलिसी लेते समय बीमा लेने वाले की यह जिम्मेदारी होती है कि वह अपनी बीमारियों के बारे में सभी और सही - सही जानकारियां बीमा कंपनी के साथ साझा करे। ऐसा न करने पर बीमा कंपनी दावा खारिज कर सकती है। न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़, इंदू मल्होत्रा और इंदिरा बनर्जी की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि बीमा अनुबंध अत्यधिक भरोसे पर आधारित होता है। प्रस्ताव के फॉर्म में पुरानी बीमारियों का अलग से खुलासा करने की जरूरत होती है ताकि बीमा करने वाली कंपनी जोखिम के आधार पर एक विचारशील निर्णय पर पहुंचने में सक्षम हो।





