डीसी ने दिए आदेश ,आर्म्स लाइसेंसधारी 48 घंटे के अंदर जमा करें शस्त्र

डीसी ने दिए आदेश ,आर्म्स लाइसेंसधारी 48 घंटे के अंदर जमा करें शस्त्र
रांची: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा द्वारा उक्त शस्त्र लाइसेंसधारियो को आगामी 48 घंटे के भीतर अपने नजदीकी थाना/ओपी अथवा वैध शस्त्र एवं कारतूस विक्रेता दुकानों में शस्त्र जमा करने का आदेश दिया गया है। वैसे आर्म्स लाइसेंसधारी जिनका लाइसेंस रांची जिला से निर्गत है और वर्तमान में वो अन्य जिला या राज्य में रह रहे हैं, उन्हें शस्त्र जमा करने का आदेश दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा द्वारा लोकसभा (आम) निर्वाचन 2024 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त तरीके से सम्पन्न कराने हेतु ये आदेश दिया गया है।
दूसरे राज्य/जिलों के आर्म्स लाइसेंसधारियों को भी चेतावनी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने रांची जिला में रह रहे दूसरे राज्य/जिलों के आर्म्स लाइसेंसधारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वो अपना हथियार रांची जिला में रजिस्टर्ड करायें और अपने नजदीकी थाना में जल्द से जल्द जमा करायें।
शस्त्र नियमावली के सुसंगत धाराओं के तहत होगी कार्रवाई
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आदेश का अनुपालन नहीं करने पर शस्त्र लाइसेंसधारियों (रांची जिला एवं अन्य राज्यों/जिलों से निर्गत) के विरुद्ध शस्त्र नियमावली के सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जायेगी।
सभी थानों को सूची उपलब्ध कराने का आदेश
रांची जिला के सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को अपने शस्त्रों को थाना/ओपी अथवा शस्त्र एवं कारतूस विक्रेता दुकान में 13 अपै्रल तक जमा करने का आदेश पूर्व में ही निर्गत किया जा चुका है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिला के सभी थानों से प्रतिवेदन प्राप्त किया जा रहा है, सभी थानों को शस्त्र जमा करनेवालों और नहीं जमा करनेवालों की सूची उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है, इसके बाद शस्त्र जमा नहीं करनेवालों के खिलाफ नोटिस जारी कर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।





