भाजपा विधायक दल की बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर बनाई गई रणनीति

रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा के विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के सभी विधायकों को एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप वर्मा के पक्ष में वोट डालने को कहा गया। प्रदीप वर्मा राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को सुबह 11:30 बजे नामांकन करेंगे। झारखंड से राज्यसभा की खाली हो रही दो सीटों के लिए 21 मार्च को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का कल यानी की 11 मार्च को अंतिम दिन है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह की उपस्थिति में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और मुख्य सचेतक बिरंची नारायण, सचेतक जयप्रकाश भाई पटेल सहित कई विधायक शामिल थे। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड विधानसभा में विधायकों की जो संख्या है उसके अनुसार राज्यसभा की एक सीट सत्ताधारी दल और एक विपक्ष के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए काफी है, लेकिन जिस तरह से इस बार भी राज्यसभा चुनाव को लेकर धनपशु की नजर राज्य पर पड़ी हुई है ऐसे में मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करें कि राज्य पर हॉर्स ट्रेडिंग का कोई दाग नहीं लगे।





