मजबूत शुरुआत के बाद बाजार में गिरावट, बिकवाली के दबाव में लाल निशान में पहुंचा निफ्टी
नई
दिल्ली । घरेलू शेयर बाजार आज दबाव में कारोबार करता नजर आ
रहा है। मजबूत ग्लोबल संकेतों के सपोर्ट के कारण बाजार आज मजबूती के साथ
खुला था। लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से शेयर
बाजार के दोनों सूचकांकों में गिरावट आ गई। प्रथम एक घंटे का कारोबार होने
के बाद सेंसेक्स 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ और निफ्टी 0.10 प्रतिशत की
कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती साठ मिनट
का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोटक
महिंद्रा, ब्रिटानिया, टीसीएस, इन्फोसिस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर
4.50 प्रतिशत से लेकर 1.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर टाइटन कंपनी, अडाणी एंटरप्राइजेज, कोल इंडिया, अडाणी पोर्ट्स और
ओएनजीसी के शेयर 6.79 प्रतिशत से लेकर 3.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ
कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में नेशनल
स्टॉक एक्सचेंज में 2,167 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से
498 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,669 शेयर
नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में
शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए
थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे
थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर
लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई के
सेंसेक्स ने आज 318.53 अंक की मजबूती के साथ 74,196.68 अंक के स्तर से
कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल
कर 74,359.69 अंक तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव
बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी
खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे
सेंसेक्स 209.75 अंक की मजबूती के साथ 74,087.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर
रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का निफ्टी आज 85.75 अंक
की बढ़त के साथ 22,561.60 के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही
खरीदारी शुरू हो जाने के कारण ये सूचकांक 22,588.80 तक पहुंचा। लेकिन इसके
बाद मुनाफावसूली के चक्कर में शुरू हुई बिकवाली के कारण इस सूचकांक ने
थोड़ी देर में ही लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में लगातार जारी
लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह
10:15 बजे निफ्टी 23.25 अंक की कमजोरी के साथ 22,452.60 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी
कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 732.96 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की गिरावट
के साथ 73,878.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 172.35 अंक
यानी 0.76 प्रतिशत फिसल कर 22,475.85 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार
का अंत किया था।




