नया रिकॉर्ड बनाने के बाद फिसले सेंसेक्स और निफ्टी
नई
दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के
दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। कारोबार की शुरुआत ऑल टाइम हाई के नए
रिकॉर्ड के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी ने लिवाली के सपोर्ट से और तेजी
हासिल करके मजबूती का नया रिकार्ड बनाने में भी सफलता पाई। इसके बाद मुनाफा
वसूली शुरू हो जाने से थोड़ी देर में ही ये दोनों सूचकांक गिर कर लाल
निशान में पहुंच गए। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.05
प्रतिशत और निफ्टी 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती
एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से
ओएनजीसी, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, इंफोसिस और विप्रो के शेयर
2.20 प्रतिशत से लेकर 1.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, बजाज फाइनेंस, श्रीराम
फाइनेंस और कोटक महिंद्रा के शेयर 2.26 प्रतिशत से लेकर 1.85 प्रतिशत की
गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी तक के
कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,248 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही
थी। इनमें से 1,434 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे,
जबकि 814 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह
सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे
निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 16 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में
कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल शेयरों में से 21 शेयर हरे
निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई
का सेंसेक्स आज ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 364.18 अंक की तेजी
के साथ 79,840.37 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही ये
सूचकांक उछल कर अभी तक के सर्वोच्च स्तर 79,855.87 अंक तक पहुंच गया। लेकिन
इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक में गिरावट आ गई।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण ये सूचकांक करीब 250 अंक की कमजोरी के साथ
79,236.74 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। हालांकि इसके बाद खरीदारों ने एक बार
फिर मोर्चा संभाला, जिसकी वजह से इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होता हुआ
नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का
कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 36.67 अंक टूट कर 79,439.52
अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही
एनएसई के निफ्टी ने भी आज ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 86.80 अंक
की बढ़त के साथ 24,228.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार
खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण ये सूचकांक उछल कर मजबूती का नया
रिकॉर्ड बनाते हुए 24,236.35 अंक के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद
बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने भी थोड़ी देर
में ही लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से ये
सूचकांक करीब 70 अंक की कमजोरी के साथ 24,073.65 अंक तक गिर गया। हालांकि
सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले एक बार फिर खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण
इस सूचकांक ने निचले स्तर से रिकवरी शुरू कर दी। बाजार में लगातार जारी
लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह
10:15 बजे निफ्टी 18.10 अंक की गिरावट के साथ 24,123.85 अंक के स्तर पर
कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को
सेंसेक्स 443.46 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 79,476.19 अंक के
स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 131.35 अंक यानी 0.55 प्रतिशत उछल कर
24,141.95 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।




