Delhi: जेन-Z को थप्पड़ मारोगे? केजरीवाल का प्रवेश वर्मा पर फूटा गुस्सा, बोले - ये तुम्हारे पिता जी का देश नहीं है...

दिल्ली में एक थप्पड़ ने सियासी पारा हाई कर दिया है। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने हैं। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को तिलक नगर में उसी सड़क का निरीक्षण किया और मंत्री पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने कहा - "ये देश तुम्हारे पिताजी का देश नहीं है। ये देश 140 करोड़ लोगों का है। तुम इस तरह से सरेआम लोगों को थप्पड़ नहीं मार सकते। जिस दिन इस देश के लोग सड़क पर उतर गए तो दौड़ा-दौड़ाकर पीटेंगे।"
दरअसल, रविवार 27 सितंबर को दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में एक नई बनी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि सड़क की क्वालिटी बेहद घटिया थी और हाथ से ही उखड़ रही थी। वहां मौजूद AAP विधायक जरनैल सिंह और स्थानीय लोगों ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। विधायक ने सड़क का एक टुकड़ा हाथ से उठाया तो वह पापड़ की तरह बिखर गया। इसी दौरान साहेब सिंह नाम का युवक, जो विधायक का सोशल मीडिया हैंडल संभालता है, पूरी घटना का वीडियो बना रहा था।
इसी बीच मंत्री और युवक के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर प्रवेश वर्मा ने साहेब सिंह को थप्पड़ जड़ दिया। युवक का आरोप है कि मंत्री ने उसका फोन छीना, हाथ मरोड़ा और सुरक्षाकर्मियों ने उसकी गर्दन दबाकर उसे खींचकर दूर ले गए। घटना के बाद प्रवेश वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने जब उनके परिवार को गाली देना शुरू किया, तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया। सोमवार को केजरीवाल विकासपुरी और तिलक नगर की उसी सड़क पर पहुंचे। उन्होंने सड़क को हाथ से उखाड़कर दिखाते हुए कहा -"ये जो सड़क बनी है, कुछ दिन पहले बनी है और हाथ से पूरी सड़क उखड़ रही है।
इस तरह से आजतक हमने ऐसी सड़कें दिल्ली में बनते हुए नहीं देखीं। ऐसी सड़कों की खबरें देश के दूर-दराज के गांवों से आती थीं। दिल्ली देश की राजधानी है, हमने भी 10 साल सरकार चलाई है। हमारी सरकार में जो सड़कें बनती थीं, उनकी 5 साल की गारंटी होती थी। इन सड़कों के निर्माण में बहुत भ्रष्टाचार हुआ है।" केजरीवाल ने आगे Gen Z का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मोदी जी 12 बजे उठकर रील बनाते हैं, भजन क्लबिंग में जाते हैं। अरे जेन-जी को थप्पड़ मारोगे तुम? और फिर कहते हो हम जेन-जी से रिश्ता बनाएंगे। इसीलिए तो जेन-जी तुम्हारे से इतना नाराज है।" इस पूरे मामले में AAP नेता सौरभ भारद्वाज विकासपुरी थाने पहुंचे और मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
AAP विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि SHO मौके पर मौजूद थे, फिर भी उन्होंने मंत्री को पकड़ा नहीं बल्कि भागने में मदद की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक FIR और गिरफ्तारी नहीं होती, वे मौके से नहीं हटेंगे। वहीं साहेब सिंह के वकील ने भी कहा कि सवाल पूछने पर मंत्री ने हमला किया और पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज नहीं की। केजरीवाल ने मांग की है कि मंत्री प्रवेश वर्मा को तुरंत बर्खास्त किया जाए, गिरफ्तार किया जाए और जनता से माफी मांगी जाए, साथ ही भ्रष्टाचार करने वाले इंजीनियरों को भी जेल भेजा जाए।





