स्वाति मालीवाल के साथ कथित बदसलूकी पर भाजपा का वार, पूछा- चुप क्यों हैं केजरीवाल?
नई
दिल्ली,। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल
से कथित बदसलूकी मामले में भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने मुख्यमंत्री अरविंद
केजरीवाल पर एक बार फिर हमला किया है।
बुधवार को भाजपा मुख्यालय
में आयोजित प्रेस वार्ता में शाजिया इल्मी ने कहा कि 13 मई को मुख्यमंत्री
आवास पर हुई घटना के पीछे का सच अरविंद केजरीवाल को देश की जनता को बताना
चाहिए। पिछले 48 घंटे से महिलाएं ये सवाल अरविंद केजरीवाल से पूछ रही हैं।
अरविंद केजरीवाल अब तक चुप क्यों हैं? उन्होंने विभव कुमार के खिलाफ क्या
कार्रवाई की? क्या विभव कुमार ने अरविंद केजरीवाल के कहने पर स्वाति
मालीवाल के साथ मारपीट की? क्या स्वाति मालीवाल सुरक्षित हैं? इस घटना पर
इंडी एलायंस चुप क्यों है?
शाजिया इल्मी ने कहा कि अन्ना हजारे
आंदोलन के दिनों से अरविंद केजरीवाल के साथ थी तो मैं सभी के चेहरों को
जानती हूं। कोई भी निजी सलाहकार स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी कर सकता है,
मैं विश्वास नहीं कर सकती हूं। स्वाति मालीवाल दिल्ली महिला आयोग की
प्रमुख रही हैं और पार्टी की सबसे पुरानी सदस्य हैं। एनजीओ के दिनों से वह
साथी हैं। क्या बिना मुख्यमंत्री की जानकारी के विभव बदसलूकी कर सकता है।
अरविंद केजरीवाल को इन सवालों के जवाब देने चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग
विषयों पर खुलकर बोलने वाली महिला नेता अपने विषयों पर चुप हो गई हैं, उन
पर कोई दबाव जरूर है।





