समयपुर बादली थाना पुलिस ने ऑटो लिफ्टिंग गैंग का किया पर्दाफाश, 7 बाइक और 2 स्कूटी बरामद

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले की समयपुर बादली थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ऑटो लिफ्टिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए इसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग लंबे समय से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था और पुलिस को इसकी तलाश थी।
डीसीपी हरेश्वर ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि समयपुर बादली थाना पुलिस को कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार हो रही बाइक और स्कूटी चोरी की वारदातों की सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एक विशेष रणनीति के तहत ट्रैप लगाया और मुखबिर की सूचना पर इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 7 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नजिम (निवासी: रोहिणी सेक्टर-28), दिलीप (निवासी: प्रह्लादपुर), बिशू कार्तिक (निवासी: प्रीतमपुरा) और सतीश (निवासी: पप्पू कॉलोनी, प्रह्लाद विहार) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने 9 अलग-अलग आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग दिल्ली के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में खड़ी गाड़ियों को टारगेट करता था और महज कुछ ही मिनटों में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके। पुलिस इस मामले में और भी खुलासों की उम्मीद कर रही है।





