सड़क नेटवर्क कनेक्टिविटी से दो साल में बदल जाएगा गढ़चिरौली जैसे नक्सली जिलों का चेहरा : गडकरी
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि करीब दो साल में सड़क नेटवर्क कनेक्टिविटी परियोजनाओं से गढ़चिरौली जैसे नक्सल प्रभावित जिलों का पूरा चेहरा बदल जाएगा। गडकरी ने वीडियो लिंक के जरिए महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में तीन महत्वपूर्ण पुलों और दो सड़क सुधार परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने वैनगंगा, बांडिया, पर्लकोटा और पेरमिली नदियों पर चार अन्य प्रमुख पुल परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर गडकरी ने कहा कि गढ़चिरौली जैसे नक्सल प्रभावित जिलों के दूर-दराज के इलाकों में हर-मौसम का सड़क नेटवर्क इस क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में सुधार करेगा और आगामी दो वर्षों में गढ़चिरौली जिले में एक सर्वांगीण परिवर्तन दिखाई देगा। गडकरी ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान गढ़चिरौली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग की कुल लंबाई 54 किलोमीटर से बढ़कर 647 किलोमीटर हो गई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने गढ़चिरौली जिले के लिए 1,740 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ 541 किलोमीटर लंबाई की 44 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने नक्सलियों के डर के बावजूद गढ़चिरौली में पुलों का निर्माण पूरा करने वाले इंजीनियरों और ठेकेदारों की तहेदिल से तारीफ की। उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर पुल का निर्माण बहुत ही मुश्किल और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच पूरा हुआ था। इस पुल के निर्माण में मदद के लिए वहां एक पुलिस स्टेशन स्थापित करना पड़ा था। गडकरी ने इस साल अलापल्ली - बामरागढ़ के बीच 35 किमी सड़क विकास को मंजूरी देने का वादा किया और शेष 65 किलोमीटर को अगले वित्तीय वर्ष में। उन्होंने ब्रॉड गेज मेट्रो कनेक्टिविटी योजना के तहत देसाईगंज - ब्रह्मपुरी को नागपुर के साथ जोड़ने के लिए राज्य सरकार की अनुमति भी मांगी, जिससे यात्रा का समय वर्तमान ढाई घंटे से कम होकर 75 मिनट रह जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वी. के. सिंह ने इस क्षेत्र में विकास सड़क परियोजनाओं के पूरा होने की सराहना की और कहा कि वामपंथी अतिवाद (एलडब्ल्यूई) वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मुख्यधारा में लाने के मामले में ये कदम लंबी दूरी तय करेंगे। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में ज्यादा से ज्यादा बुनियादी ढांचा परियोजनाएं आ रही हैं, उससे अतिवाद लगातार नीचे आ रहा है। महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि गढ़चिरौली में सड़क विकास से औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और लोगों के जीवन स्तर के उत्थान में मदद मिलेगी। इसके अलावा कानून और व्यवस्था के रखरखाव में भी मदद मिलेगी। गढ़चिरौली-चिमूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सांसद अशोक नेते, अन्य जनप्रतिनिधि और केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।





