**राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) को मिला नया नेतृत्व, सतपाल सिंह सिसोदिया बने राष्ट्रीय अध्यक्ष**

राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) में नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा, दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में लिए गए अहम फैसले
नई दिल्ली, 13 जुलाई 2025 — राष्ट्रीय जनलोक पार्टी (सत्य) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज महाराणा प्रताप भवन, केशव पुरम, नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेरसिंह राणा ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति, हाल ही में संपन्न हुए हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनावों की समीक्षा तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए श्री शेरसिंह राणा ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री सतपाल सिंह सिसोदिया को राष्ट्रीय जनलोक पार्टी (सत्य) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। यह निर्णय पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी चुनावों में प्रभावी नेतृत्व को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
बैठक में देशभर से आए प्रदेश अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों, युवा मोर्चा पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्री राणा ने कहा कि पार्टी को अब एक नए जोश और नयी दिशा की आवश्यकता है, और सतपाल सिंह सिसोदिया उस भरोसेमंद नेतृत्व के प्रतीक हैं, जो पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाएंगे।
साथ ही बैठक में यह भी तय किया गया कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एक समर्पित रणनीतिक टीम का गठन किया जाएगा, जो स्थानीय मुद्दों, सामाजिक समीकरणों और पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी का फोकस युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों पर रहेगा।
पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शेरसिंह राणा ने कहा, “यह समय संगठन को जनआंदोलन में बदलने का है। हमारे विचारों की स्पष्टता और राष्ट्रवादी दृष्टिकोण ही हमें अन्य दलों से अलग बनाता है।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए सतपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरे समर्पण और रणनीतिक योजना के साथ काम करेंगे। उन्होंने सभी प्रदेशों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे एकजुट होकर पार्टी की नीति, सिद्धांत और राष्ट्रवादी सोच को गांव-गांव, शहर-शहर तक पहुंचाएं।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।





