राजनाथ सिंह ने कहा- जेएमएम और कांग्रेस सिर्फ अपने और परिवार के लिए नहीं, देश के लिए करें राजनीति
रांची: धनबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोकारो में बीजेपी की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जेएमएम और कांग्रेस सिर्फ अपने और परिवार के लिए राजनीति न करें, देश के लिए भी राजनीति करें। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि जो हमारे देश के विरोधी हैं क्या उनकी तारीफ की जानी चाहिए। पाकिस्तान का मंत्री राहुल गांधी की तारीफ कर रहा है। वैसे में क्या इन लोगों की सरकार देश में बननी चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और झामुमो को चुनौती देते हुए कहा कि यदि राजनीति करनी है तो जनता की आंखों में आंखें डालकर करें। उन्होंने कहा कि ये लोग ईमानदारी की बात करते हैं। कहते हैं मोदी आ गये तो आरक्षण खत्म कर देंगे। किसी भी सूरत में भाजपा ऐसा नहीं करेगी। ये लोग धर्म के आधार पर आरक्षण देकर देश की जनता को गुमराह करना चाहते हैं। हम भेदभाव करने वाली पार्टी नहीं हैं। हम जनता की आंखों में धूल नहीं झोंकते। हम आंखों में आंखे डालकर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में अकूत खनिज संपदा है। यहां बड़ी संख्या में आदिवासी और दलित रहते हैं। यहां बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास मुख्यमंत्री रह चुके हैं लेकिन इन तीनों के दामन पर कोई दाग नहीं लगा लेकिन झारखंड में गठबंधन की सरकार बनते हैं भ्रष्टाचार होने लगे। क्या यहां के भ्रष्ट लोग शासन संभालेंगे? राजनाथ ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री तो छोड़िए उनके मंत्रियों के पीएस के पास से नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। बिना मुख्यमंत्री के शह के यह किसी भी सूरत में सफल नहीं हो सकता। आज उनको गिरफ्तार कर लिया तो कहते हैं कि भाजपा अपने सारे विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि आज आपको एक चीज कहना चाहता हूं, मोदी सरकार में यदि हमारा कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा जाएगा तो उसका स्थान उसका घर नहीं जेल होगा। ये झामुमो-कांग्रेस वाले भ्रष्टाचार करने के बाद भी हमारी सरकार के ऊपर लगा रहे हैं। पहली बार मैंने सुना था कि किसी राज्य का मुख्यमंत्री 24 घंटे के लिए गायब था। ना झारखंड वालों को पता था और ना किसी एजेंसी को पता था। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बराबर भ्रष्टाचारियों को शह दी जाती रही है। संरक्षण दिया जाता रहा है। आपको जानकर आश्चर्य होगा को कांग्रेस के शासनकाल में 32 लाख ही जब्त हुआ था। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ ये हिम्मत नहीं करते थे। जब से मोदी पीएम बने हैं तब से एक लाख करोड़ की संपत्ति जब्त हुई है। इन लोगों ने लंबे समय तक शासन किया है। कुछ कर नहीं कर पाए तो अब झूठे आरोप लगा रहे हैं। राजनाथ ने कहा कि हमारी विश्वसनीयता पर कौन प्रश्नचिन्ह लगा सकता है। हमने बहुमत मिलने पर 370 हटा दिया। हमने कहा था कि राम मंदिर बनकर रहेगा। जब इनकी सरकार केंद्र में थी तो कहते थे रामलला आएंगे लेकिन ये कांग्रेस वाले दिन तारीख नहीं बताते थे। आज मोदी ने रामलला के मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा भी कर दिया है। अब भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा। लोग कहते हैं कि रामराज्य कैसे आ जाएगा, तो मैं कहता हूं जिस दिन लोगों को अपने दायित्व का अहसास हो जाएगा उस दिन रामराज्य आ जाएगा।





