मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · शाम 6:36 · नई दिल्ली संस्करण

राज कुंद्रा की गिरफ्तारी : शिल्पा की नेताओं से दोस्ती काम नहीं आई, मुंबई पुलिस कमिश्नर सीधे ठाकरे के संपर्क में

राष्ट्रीय सागर डेस्क6 मिनट का पठन

हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की बीजेपी के दिग्गज नेताओं की करीबी इस बार उनके काम नहीं आई। मुंबई पुलिस के सूत्र बताते हैं कि उनके पति राज कुंद्रा को सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद से सूबे के बड़े आईपीएस अफसरों के ही नहीं बल्कि शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के भी तमाम नेताओं के फोन मदद के लिए घनघनाते रहे हैं। लेकिन, नए पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले इस मामले में सीधे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को रिपोर्ट कर रहे हैं और वहां से नागराले को इस मामले को कायदे और कानून के हिसाब से निष्पक्ष तरीके से हैंडल करने की पूरी छूट मिली हुई है। राज कुंद्रा को लेकर बवाल इस साल फरवरी में मचा था। सागरिका शोना नामक एक मॉडल ने वीडियो जारी करके पोर्न फिल्म रैकेट में राज कुंद्रा का नाम लिया था। तब इस खबर को प्रकाशित प्रसारित करने वाले न्यूज चैनलों, न्यूज पोर्टल और समाचार पत्रों को राज कुंद्रा की वकील की तरफ से कानूनी नोटिस भी भेजे गए थे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि मीडिया को धमकी देने की ये सारी रिपोर्ट्स भी नागराले ने मुंबई पुलिस आयुक्त का चार्ज संभालते ही अपने दफ्तर में तलब कर ली थीं।

सागरिका शोना ने खोला भेद

इस साल वैलेंटाइंस डे से तीन दिन पहले सागरिका शोना नाम की एक मॉडल ने वीडियो प्रेस रिलीज जारी करके हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी। वीडियो में शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा नाम लेकर मॉडल ने उन पर गंभीर आरोप लगाए। राज कुंद्रा की टीम ने तब सागरिका शोना का अस्तित्व नकारने की पूरी कोशिश की और यही नहीं सागरिका का बयान प्रकाशित करने वाले मीडिया संस्थानों को धमकी भरे फोन करने शुरू कर दिए।

उमेश कामत की गिरफ्तारी टर्निंग प्वाइंट

पुलिस की तफ्तीश में तभी ये बात सामने आ गई थी कि सागरिका शोना से न्यूड ऑडीशन की मांग करने वाला उमेश कामत अपने करियर में बहुत जल्दी तरक्की पाने वाला शख्स है। राज कुंद्रा के कार्यकारी सहायक से कंपनी के प्रबंध निदेशक तक की पोस्ट पर पहुंच जाने वाले इस शख्स ने ऐसा क्या किया कि कंपनी को उसे एक जूनियर पोस्ट से सीधे कंपनी का प्रबंध निदेशक बना देना पड़ा, पुलिस ने इसकी तफ्तीश की तो मामले की एक एक कड़ी अपने आप खुलती चली गई। हालांकि कामत की गिरफ्तारी के बाद उसे राज कुंद्रा की कंपनी वियान इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक पद से निलंबित कर दिया गया था, लेकिन पुलिस तब तक राज कुंद्रा के खिलाफ मतलब भर के सबूत जुटा चुकी थी।।

खूब मिली धमकियां

सागरिका सोना का बयान प्रकाशित करने और इस बारे में पुलिस से मिली जानकारियां प्रकाशित करने पर तब पत्रकारों को कई बार फोन पर धमकियां दी गईं। इसकी जानकारी भी मुंबई पुलिस तक पहुंची। राज कुंद्रा की टीम ने ऐसी धमकियां तमाम पत्रकारों को सीधे फोन करके दी थीं। राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी से पैसे कमाने का आइडिया सबसे पहले सनी लिओनी के कलर्स चैनल ‘बिग बॉस’ में एंट्री करने से आया। तब उनकी टीम ने ही पूनम पांडे की ब्रांडिंग सनी लिओनी के टक्कर की मॉडल की तरह की और सनी लिओनी के न्यूड वीडियो ऐप जैसा ही एक ऐप पूनम पांडे के लिए तैयार कर दिया। पूनम पांडे का आरोप रहा है कि उनका और राज कुंद्रा की कंपनी का करार खत्म होने के बाद भी ये कंपनी उनके वीडियो इस्तेमाल करती रही। इस मामले की लेकर पूनम पांडे ने तमाम पुलिस और अदालती कार्यवाही भी कर रखी है।

शिल्पा शेट्टी की छवि का सहारा

शिल्पा शेट्टी को लेकर भी राज कुंद्रा ने एक बड़ा गेम खेला था। उन्होंने शिल्पा को अपनी एक ऐप जेएल 50 का ब्रांड अंबेसडर बनाया और शिल्पा ने भी इसका जमकर प्रचार किया। राज कुंद्रा ने इस ऐप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया की कैंपेन से जोड़ने की कोशिश की और इन्हीं बातों को आगे करके पिछले राष्ट्रीय खेल दिवस पर वह तत्कालीन दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब पहुंचने में भी कामयाब रहीं। लेकिन, इस बार बीजेपी नेताओं से शिल्पा की दोस्ती मुंबई पुलिस पर कोई असर नहीं दिखा सकी। राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने मुंबई में अपनी ब्रांडिंग के लिए ऐसी टीम लगाई हुई है जो उनका धुआंधार प्रचार करती रहती है। राज कुंद्रा को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से स्वच्छता पुरस्कार दिलाने में भी इस टीम की सक्रिय भूमिका रही है।

नागराले किसी के दबाव में नहीं

मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की व्यक्तिगत पसंद माना जाता है। नागराले ने आईपीएस की सेवा में रहते हुए अपनी हर तैनाती में कोई न कोई ऐसा काम जरूर किया है जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई है। पहली तैनाती में वह नक्सलियों से भिड़े, 26/11 के आतंकी हमले के दौरान आरडीएक्स से भरा बैग हटाने के लिए उन्होंने जान जोखिम में डाली, पुलिस कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा और सरकारी आवास में पारदर्शिता की सहूलियत भी नागराले ने विभिन्न पदों पर काम करते हुए दिलाई है। एंटीलिया के पास संदिग्ध गाड़ी खड़ी करके शीर्ष उद्योपति के नाम धमकी भरा पत्र लिखने वाले मामले में सचिन वझे की गिरफ्तारी के बाद हुए फेरबदल में नागराले को मुंबई पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

सोने की खरीद फरोख्त के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच का सामना कर रहे कारोबारी राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी से पूछताछ की तैयारियां मुंबई पुलिस ने शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस को जानकारी मिली है कि पिछले 14 साल से फिल्मों से दूर होने के बावजूद शिल्पा शेट्टी की लगातार बढ़ती दौलत के पीछे भी राज कुंद्रा के साथ उनकी कारोबारी भागीदारी का हाथ है। शिल्पा शेट्टी अपनी आय यूट्यूब, इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी से जोड़ती रही हैं। उनके पास तकरीबन एक दर्जन ब्रांड एंडोर्समेंट भी बताए जाते हैं।

शिल्पा शेट्टी की बतौर लीड अभिनेत्री आखिरी फिल्म ‘अपने’ साल 2007 में रिलीज हुई थी। 14 साल बाद उनकी अगली फिल्म ‘हंगामा 2’ इसी हफ्ते रिलीज होनी है। वीनस म्यूजिक कंपनी के मालिक रतन जैन की निजी दिलचस्पी के चलते बनी इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी का खास रोल है और उन्हें उम्मीद रही है कि ये फिल्म उन्हें वापस हिंदी सिनेमा की मुख्य धारा में ले आएगी। शिल्पा शेट्टी हालांकि इस बीच रियलिटी शोज में खूब सक्रिय रही हैं और उनकी आमदनी का स्रोत टेलीविजन के अलावा सोशल मीडिया को भी बताया जा रहा है।

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें