राहुल बोरिया-बिस्तर लेकर नानी के घर जाएं, वहीं से लड़ें चुनाव : संबित पात्रा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भारत अब लोकतांत्रिक नहीं रहा। इसे लेकर भाजपा ने भी पलटवार किया है। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार करते हुए कहा है कि यदि राहुल गांधी को लगता है कि अब हिंदुस्तान लोकतांत्रिक देश नहीं है और पाकिस्तान बन गया है तो वो मुक्त हैं, बोरिया-बिस्तर उठा कर अपनी नानी के घर जाएं और वहीं से चुनाव लड़ें।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश नहीं रहा है। यह बात उन्होंने स्वीडन के एक मीडिया संस्थान की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कही। राहुल गांधी ने डेमोक्रेसी के बारे में स्वीडन के एक मीडिया संस्थान की रिपोर्ट का जिक्र किया। इसमें भारत में लोकतंत्र के दर्जे को घटाकर इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी 'चुनावी एकतंत्रता' या चुनावी निरंकुशता कर दिया है।
राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने ट्वीट के साथ एक फोटो भी साझा किया। इसमें लिखा हुआ है कि पाकिस्तान की तरह अब भारत भी निरंकुश देश है। स्वीडन की संस्था वी-डेम ने अपनी रिपोर्ट में भारत में लोकतंत्र की स्थिति पाकिस्तान जैसी और बांग्लादेश से भी खराब करार दी है। उसने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र से चुनावी निरंकुशता तक पहुंच गया है।





