लैंड फॉर जॉब केस में राबड़ी देवी, मीसा और हिमा राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश, जमानत पर होनी है सुनवाई
नई
दिल्ली, 09 फरवरी । लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी की ओर से दर्ज केस
में आज बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के अलावा मीसा भारती और
हिमा यादव दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल जज विशाल गोगने के
समक्ष पेश हुए। आज कोर्ट में सभी आरोपितों की जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।
कोर्ट ने 27 जनवरी को ईडी की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था।
कोर्ट ने राबड़ी देवी, मीसा भारती के अलावा हिमा यादव और ह्रदयानंद चौधरी
को समन जारी कर पेश होने का निर्देश दिया। कोर्ट ने इस मामले में गिरफ्तार
अमित कात्याल के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया।
9 जनवरी को ईडी
ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी ने चार्जशीट में बिहार की पूर्व
मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, मीसा भारती, हिमा यादव, ह्रदयानंद चौधरी और अमित
कात्याल को आरोपी बनाया है। ईडी ने हाल ही में अमित कात्याल को गिरफ्तार
किया था। लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी से पहले सीबीआई ने केस दर्ज किया था।
सीबीआई का मामला भी दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में ही चल रहा है। सीबीआई
से जुड़े मामले में कोर्ट ने 4 अक्टूबर 2023 को बिहार के तत्कालीन उप
मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को जमानत दी
थी। कोर्ट ने 22 सितंबर 2023 को सीबीआई की ओर से दाखिल दूसरी चार्जशीट पर
संज्ञान लिया था। 3 जुलाई 2023 को सीबीआई ने पूरक चार्जशीट दाखिल किया था।
कोर्ट
ने 27 फरवरी 2023 को इन तीनों आरोपितों समेत सभी आरोपितों के खिलाफ दाखिल
चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 7 अक्टूबर 2022 को लैंड फॉर जॉब मामले में
सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव , राबड़ी देवी और मीसा भारती समेत 16 आरोपियों
के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया था। लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में सीबीआई
ने भोला यादव और हृदयानंद चौधरी को गिरफ्तार किया था। भोला यादव 2004 से
2009 तक लालू यादव के ओएसडी रहे थे। लैंड फॉर जॉब घोटाला लालू यादव के रेल
मंत्री रहने के दौरान का है। भोला यादव को ही इस घोटाले का मास्टरमाइंड
माना जा रहा है। आरोप है कि लालू यादव के रेलमंत्री रहते नौकरी के बदले
जमीन देने के लिए कहा जाता था। नौकरी के बदले जमीन देने के काम को अंजाम
देने का काम भोला यादव को सौंपा गया था।
भोला यादव 2015 के बिहार
विधानसभा चुनाव में बहादुरपुर सीट से विधायक चुने गए थे। बता दें कि सीबीआई
ने मई के तीसरे सप्ताह में इस मामले में लालू यादव के परिजनों से जुड़े 17
ठिकानों पर छापेमारी की थी। सीबीआई ने लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी
और बेटी मीसा भारती के पटना, गोपालगंज और दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापेमारी
की थी।





