फिर से नौकरी पाने की आंस में पिछले 51 दिनों से धरने पर है पीटीआई अध्यापक
भिवानी (हि. स.)। हरियाणा प्रदेश के बर्खास्त किए पीटीआई अध्यापक लगातार 51 दिनों से भिवानी के लघु सचिवालय के बाहर धरने पर है, जिनमें बड़ी संख्या में महिला पीटीआई अध्यापक अपने परिवार के साथ नौकरी फिर से पाने की आंस को लेकर धरने पर बैठी हुए हैं। हालांकि प्रदेश सरकार ने भी इन पीटीआई अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल से काफी बार बात करके इन्हे कांट्रेक्ट पर रखने का आश्वासन दिया है, परन्तु पीटीआई अध्यापक रेगुलर नौकरी की मांग पर अड़े हुए हैं। भिवानी के बर्खास्त पीटीआई अध्यापकों के जिला प्रधान दिलबाग सिंह ने बताया कि जब तक उन्हे पहले की तरह सरकार नौकरी पर नहीं रखेगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट में केस हारने के बाद इन पीटीआई को प्रदेश सरकार ने जून के प्रथम सप्ताह में बर्खास्त किया था। जिसके बाद कोर्ट के आदेशों पर प्रदेश सरकार ने इन अध्यापकों व तत्कालीक 10 वर्ष पहले हुई भर्ती में शामिल अन्य अभ्यार्थियों का फिर से टैस्ट लेने की तारीखें भी तय कर दी, परन्तु अब बर्खास्त पीटीआई अध्यापक कर रहे है कि वे अब किसी भी टैस्ट में भाग नहीं लेंगे।
पीटीआई अध्यापकों के निरंतर प्रदर्शन के बाद प्रदेश सरकार ने फिर से टैस्ट लेकर नौकरी पर रखने व 25 हजार रूपये मासिक कांटैक्ट पर काम करने के ऑफर को पीटीआई अध्यापकों ने ठुकरा दिया हैं। अब गेंद सरकार के पाले में है कि वह क्या निर्णय लेती है। परन्तु पीटीआई अध्यापक नौकरी नहीं मिलने तक इसी प्रकार से धरना-प्रदर्शन पर अड़े हुए हैं।





