फ्लोर टेस्ट से पहले भाजपा विधायकों को बोधगया ले जाने की तैयारी
लोकसभा चुनाव की रणनीति पर होगा विचार
पटना । बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद से विभिन्न नेताओं द्वारा लगातार खेला होने का दावा किया जा रहा। कांग्रेस ने तो अपने सभी विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। इधर, भाजपा ने भी फ्लोर टेस्ट से पहले पार्टी व संगठन के नेताओं को बोधगया तलब किया है, जहां 10 और 11 फरवरी को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के विधायक, विधान पार्षद समेत कई पदाधिकारी भाग लेंगे।पार्टी नेताओं के मुताबिक इस कार्यक्रम में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर रणनीति पर प्रशिक्षण व विमर्श होगा। हालांकि राज्य सरकार के विश्वास मत और विधानसभा सत्र से ठीक पहले आयोजित हो रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सियासी गलियारों में ऐसी भी चर्चा हो रही है कि भाजपा को पार्टी में टूट का डर सता रहा है. इसलिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान ही विधानमंडल के आगामी सत्र को लेकर रणनीति भी तैयार होगी. बिहार भाजपा के सभी विधायक व विधान पार्षद प्रशिक्षण कार्यक्रम के ठीक अगले दिन 12 फरवरी को बिहार विधानमंडल का सत्र है। ऐसे में विधायकों को सत्र में भाग लेने के लिए इससे पहले लौटने का निर्देश दिया गया है।बीजेपी ने विधायकों को प्रशिक्षण शिविर में बुलाने की जिम्मेदारी मुख्य सचेतकों को दी है। विधानसभा और विधान परिषद के मुख्य सचेतक नियमित रूप से सभी सदस्यों को फोन कर प्रशिक्षण शिविर में आने की जानकारी दे रहे हैं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा का सत्र 12 फरवरी से शुरू हो रहा है। एनडीए सरकार को पहले ही दिन विश्वास मत जीतना है. इससे पहले सत्ता पक्ष के विधायकों को पूरी तरह एकजुट रखने की कोशिश की जा रही है।





