पुलिसकर्मी ने कांवड़ियों को पीटा, कांस्टेबल सस्पेंड
जयपुर,। जयपुर ग्रामीण के सांभर थाना इलाके में एक पुलिसकर्मी
द्वारा कांवड़ियों को पीटने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार इस
घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने थाने में प्रदर्शन कर दोषी पुलिस के
खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे सूचना पर जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक
और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जहां समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। वहीं
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पुलिस शांतनु कुमार ने कांस्टेबल को सस्पेंड
कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सांभर स्थित देवयानी से कांवड़
भरकर 50 लोग डीजे की धुन में नाचते-गाते हुए सांवरदा-शिवानिया जा रहे थे।
शिवानिया के पास पुलिस कर्मियों ने डीजे को रुकवाकर जबरन बंद करवाया।
कांवड़ियों के साथ गाली गलौच कर डीजे तोड़ दिया। उसे थाने लेकर आ गए। इस पर
कांवड़िये भी थाने पहुंचे। थाने पर पुलिसकर्मी और कांवड़िये बातचीत कर रहे
थे। इसी दौरान थाने में तैनात कांस्टेबल ने कांवड़ियों का वीडियो बनाते हुए
कहा कि सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस बात से कांवड़िये शांत हो कर
वह वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान एक कांस्टेबल खेम चंद ने कांवडियों के साथ
हाथापाई शुरू कर दी। एकाएक हुई हाथापाई से कांवड़ियों ने भी पुलिसकर्मी के
साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
कांवड़ियों ने आरोप लगाया है कि
कांस्टेबल ने शराब पीकर उनके साथ में मारपीट की थी। पुलिसकर्मियों ने उसे
मौके से भगा दिया। गुस्साए कांवड़ियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर
प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शांतनु कुमार
ने बताया कि रविवार देर रात को पुलिसकर्मी से थाने में कांवड़ियों की बात हो
रही थी। इसी दौरान थाने में तैनात कांस्टेबल खेमचंद ने वहां मौजूद
कांवड़ियो के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद
कांस्टेबल को तत्काल सस्पेंड किया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रज
मोहन को इस घटना को लेकर जांच करने के लिए मौके पर भेज दिया है। जो तीन दिन
में जांच रिपोर्ट देंगे। इसके कार्रवाई की जाएगी।





