PNB खाताधारकों के लिए जरूरी खबर! 10 नवंबर से पहले निपटा लें ये काम, वरना खाता होगा बंद
PNB ने निष्क्रिय खातों को लेकर अलर्ट जारी किया है। बैंक 10 नवंबर 2026 के बाद उन खातों को बंद कर देगा जिनमें 30 सितंबर 2023 से कोई लेन-देन नहीं हुआ और बैलेंस जीरो है। बैंक ने कहा यह कदम फ्रॉड रोकने के लिए उठाया गया है। ऐसे ग्राहकों को 10 नवंबर से पहले नजदीकी शाखा जाकर KYC अपडेट कराना होगा और एक्टिवेशन के लिए आवेदन देना होगा। अन्य ग्राहकों को भी 31 अक्टूबर तक KYC पूरा करने को कहा गया है।

अगर आपका अकाउंट पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। PNB ने कुछ खातों को बंद करने का बड़ा अलर्ट जारी किया है। बैंक ने कहा है कि 10 नवंबर 2026 के बाद कुछ निष्क्रिय खातों को बंद कर दिया जाएगा। जिन ग्राहकों का खाता इस कैटेगरी में आता है, उन्हें 10 नवंबर से पहले जरूरी काम पूरा करना होगा। PNB ने 26 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस में साफ किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ उन्हीं खातों पर होगी जो दो शर्तों को पूरा करते हैं। पहली शर्त - खाते में 30 सितंबर 2026 तक पिछले 3 साल से ग्राहक की तरफ से कोई लेन-देन नहीं हुआ हो। यानी सितंबर 2023 से पहले से खाता इस्तेमाल में न हो। दूसरी शर्त - खाते में बैलेंस जीरो हो।
अगर दोनों शर्तें पूरी होती हैं तभी खाता बंद होने की श्रेणी में आएगा। अगर खाते में थोड़ा भी बैलेंस है या पिछले 3 साल में एक भी बार लेन-देन हुआ है तो खाता बंद नहीं होगा। PNB ने साफ किया है कि सभी निष्क्रिय खाते बंद नहीं होंगे। बैंक के नियम के मुताबिक, अगर किसी सेविंग या करंट अकाउंट में लगातार 24 महीने तक ग्राहक की तरफ से कोई लेन-देन नहीं होता है तो उसे इनऑपरेटिव यानी निष्क्रिय मान लिया जाता है। इसमें पैसा जमा करना, निकालना, बैलेंस चेक करना या KYC अपडेट करना भी शामिल है। लेकिन इस बार बंद करने की प्रक्रिया सिर्फ 3 साल से ज्यादा पुराने जीरो बैलेंस खातों पर ही लागू होगी।
PNB का कहना है कि यह कदम ग्राहकों की सुरक्षा के लिए उठाया जा रहा है। लंबे समय से बंद पड़े खातों का गलत इस्तेमाल हो सकता है। साइबर फ्रॉड और गैरकानूनी गतिविधियों के लिए ऐसे खातों का दुरुपयोग रोकने के लिए बैंक यह सफाई अभियान चला रहा है। अगर आपका खाता भी लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुआ है और जीरो बैलेंस है तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप इसे बचा सकते हैं। इसके लिए आपको 10 नवंबर 2026 से पहले अपनी नजदीकी PNB शाखा में जाना होगा। ब्रांच में जाकर KYC अपडेट कराएं। खाता दोबारा एक्टिव करने के लिए एक रिक्वेस्ट लेटर दें। जरूरी दस्तावेज जमा करें।
KYC के लिए आपको सरकार द्वारा मान्य पहचान और पते का प्रमाण देना होगा। जैसे - आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस। साथ ही PAN कार्ड या Form 60 भी लग सकता है। बैंक दस्तावेजों की जांच के बाद आपके खाते को फिर से चालू कर देगा। PNB ने एक और अलर्ट दिया है। RBI के नियमों के मुताबिक सभी ग्राहकों को KYC अपडेट कराना अनिवार्य है। जिन ग्राहकों की KYC की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 तक थी, उन्हें 31 अक्टूबर 2026 तक KYC पूरा करने को कहा गया है। वरना खाते पर रोक लग सकती है।
KYC आप PNB ONE ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, रजिस्टर्ड ईमेल, पोस्ट, WhatsApp, SMS या किसी भी ब्रांच में जाकर कर सकते हैं। अगर आपको अपने खाते की स्थिति को लेकर कोई शंका है तो अपनी ब्रांच से संपर्क करें या बैंक के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2222 / 1800-2021 पर कॉल कर सकते हैं। इसलिए देरी न करें, 10 नवंबर से पहले अपना KYC जरूर करा लें।
विषय




