वीर कुंवर सिंह विवि में पीजी के छात्र अब स्मार्ट क्लास में पढ़ेंगे
भोजपुर। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में अब छात्रों के लिए स्मार्ट क्लास रूम का निर्माण किया जाएगा। नैक से मूल्यांकन को लेकर वीर कुंवर सिंह विवि ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। जिन 12 स्नातकोत्तर विभागों में स्मार्ट कक्षा नहीं है उन सभी में स्मार्ट कक्षा का निर्माण किया जाएगा। अभी तक विश्वविद्यालय में 4 विभागों में स्मार्ट क्लासरूम है जबकि 8 विभागों में अब स्मार्ट कक्षा बनाई जाएंगी। विश्वविद्यालय मुख्यालय सभागार में पीजी विभागाध्यक्ष और अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्ष और प्राचार्यों से नैक से मूल्यांकन की तैयारी करने को कहा है।
संसाधनों के कमी को विश्वविद्यालय भरपाई करने में मदद करेगा। इसके पहले जो बैठक हुई थी उसमें पुस्तकालय के लिए किताब खरीदने का फैसला किया गया था। विश्वविद्यालय में पुस्तकालय में च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत किताबें खरीदने का निर्देश दिया गया था। सभी विभागाध्यक्षों से किताबों की सूची मांगी गई है। आज की बैठक में विभाग अध्यक्षों को स्मार्ट क्लासरूम आने वाले खर्च की डिटेल मांगी गई है। विज्ञान संकाय के लिए प्रत्येक माह 20 हजार और कला व वाणिज्य संकाय के लिए 15-15 हजार रुपए दिए जाएंगे। अभी तक पीजी विभागों को मात्र 5 हजार रुपये ही मिलते थे। गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह विज्ञान भवन को बिजली की आंख मिचौली से भी अब मुक्ति मिलेगी। विज्ञान भवन में संचालित सभी 9 विभाग संयुक्त रूप से जनरेटर की खरीदारी करेंगे। कुलपति ने कहा कि सभी विभाग आपस में एक कमेटी बना लें और आपसी सहयोग से जनरेटर की खरीद और संचालन करें।





